रोहिणी कलम आत्महत्या मामला: भाजपा ने आरोपी प्रीतम सिंह सोलंकी को पार्टी से निकाला, जिलाध्यक्ष ने जारी किया निष्कासन पत्र

देवास। अंतरराष्ट्रीय जू-जित्सु खिलाड़ी रोहिणी कलम की आत्महत्या मामले में पुलिस कार्रवाई के बाद अब राजनीतिक गलियारों में भी हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता और जन आक्रोश को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस केस के मुख्य आरोपियों में से एक प्रीतम सिंह सोलंकी पर बड़ी कार्रवाई की है। भाजपा ने प्रीतम सिंह को तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है।

जिलाध्यक्ष ने जारी किया पत्र: ‘पार्टी की मर्यादा के खिलाफ था आचरण’

भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने 21 नवंबर 2025 को आधिकारिक पत्र जारी करते हुए यह कार्रवाई की है। पत्र में स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि प्रीतम सिंह सोलंकी का नाम एक आपराधिक प्रकरण में संलिप्त पाया गया है।

​निष्कासन पत्र में कहा गया है:

“उक्त प्रकरण की गंभीरता एवं भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक मर्यादा, आचरण संहिता तथा नैतिक दायित्वों के विपरीत आपके आचरण को दृष्टिगत रखते हुए प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार आपको भारतीय जनता पार्टी से तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया जाता है।”

आरोपी पर दोहरी मार: पहले जेल, अब पार्टी से बेदखल

प्रीतम सिंह सोलंकी के लिए यह दोहरी मार है। पुलिस जांच में रोहिणी को आत्महत्या के लिए उकसाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप तय होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर बुधवार को ही जेल भेज दिया था। अब पार्टी से निष्कासन के बाद उसे राजनीतिक तौर पर भी अलग-थलग कर दिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

गौरतलब है कि 26 अक्टूबर 2025 को देवास की प्रतिभावान खिलाड़ी रोहिणी कलम ने अपने कोच विजेंद्र खरसोदिया और जु-जीत्सू संघ के उपाध्यक्ष प्रीतम सिंह सोलंकी की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी।

​पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 108 और एससी-एसटी एक्ट (SC/ST Act) के तहत मामला दर्ज किया है। भाजपा द्वारा की गई इस कार्रवाई को पीड़ित परिवार और समाज के गुस्से को शांत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

#DewasNews #RohiniKalamCase #BJP #PritamSinghSolanki #Expelled #MPPolice #CrimeNews #JusticeForRohini

Exit mobile version