देवास लाइव, Dewas Live News MadhyaPradesh

देवास में दो मासूम बच्चों की हत्या का सनसनीखेज खुलासा: 12 घंटे में पुलिस ने सुलझाया मामला

5

देवास, 2 अगस्त 2025: मध्य प्रदेश के देवास शहर में दो मासूम बच्चों, 3 वर्षीय निशा और 7 वर्षीय हेमंत की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने 12 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा किया है। हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि बच्चों की मां प्रिया यादव का प्रेमी लोकेंद्र मालवीय निकला, जो सोनकच्छ क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज किया है और गहन जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, प्रिया यादव का अपने पति विष्णु कटारा से 6-7 महीने पहले विवाद के चलते अलगाव हो गया था। इसके बाद वह अपने दोनों बच्चों के साथ पीथमपुर में एक निजी कंपनी में काम करने लगी थी। यहीं उसकी मुलाकात ट्रक ड्राइवर लोकेंद्र मालवीय से हुई, जिसके साथ उसका प्रेम संबंध शुरू हो गया। डेढ़ महीने पहले प्रिया अपने बच्चों के साथ देवास के ढांचा भवन क्षेत्र में किराए के मकान में रहने आई थी, जहां लोकेंद्र के ड्राइवर दोस्त राकेश के बगल में उसने कमरा लिया था।

घटना की रात, यानी शुक्रवार को राकेश के बेटे का जन्मदिन था। जन्मदिन की पार्टी के बाद लोकेंद्र मालवीय प्रिया के घर सोने गया। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ। विवाद के बाद प्रिया पड़ोस में राकेश के घर चली गई। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक लोकेंद्र बच्चों के साथ अकेला था। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान उसने तकिए से बच्चों का मुंह दबाकर उनकी हत्या कर दी और शवों को कंबल से ढक दिया ताकि ऐसा लगे कि बच्चे सो रहे हैं। इसके बाद वह सुबह चुपके से घर से निकल गया। सुबह जब प्रिया उठी तो वह बच्चों को स्कूल भेजने के लिए तैयारी करने लगी। नाश्ता बनाने के बाद जब उसने बच्चों को उठाने की कोशिश की, तो वे नहीं उठे। घबराई प्रिया तुरंत मकान मालिक के पास गई और बच्चों को लेकर संस्कार हॉस्पिटल पहुंची, जहां से उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

मामले की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और लोकेंद्र मालवीय को हिरासत में लिया। पूछताछ में लोकेंद्र टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि प्रिया के साथ विवाद के बाद उसने गुस्से में आकर बच्चों की हत्या की। पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को अभिरक्षा में ले लिया है।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोद ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोग सदमे में हैं। प्रिया यादव, जो मथुरा की मूल निवासी हैं और अपने पति से प्रेम विवाह के बाद अलग होकर अकेले बच्चों की परवरिश कर रही थीं। पुलिस मामले की हर संभव जांच कर रही है ताकि सभी तथ्य स्पष्ट हो सकें।

You cannot print contents of this website.
Exit mobile version