देवास लाइव, Dewas Live News MadhyaPradesh

देवास पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट: CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन, SDM-नायब तहसीलदार-SDOP समेत चौकी प्रभारी निलंबित

748

देवास। मध्यप्रदेश के देवास जिले की टोंकखुर्द तहसील अंतर्गत टोंककला में 14 मई को हुए भीषण पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की है। इस हादसे में कई लोगों की मौत और कई के घायल होने के बाद शासन ने तीन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि एसपी देवास ने टोंककला चौकी प्रभारी को भी सस्पेंड किया है।

क्या हुआ था 14 मई को?

देवास जिले की टोंकखुर्द तहसील स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में 14 मई को अचानक भीषण विस्फोट हुआ। इस हादसे में कई लोगों की जान चली गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुख व्यक्त करते हुए प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल रवाना किया और जांच के आदेश दिए।

SDM, नायब तहसीलदार और SDOP निलंबित

संभागायुक्त के आदेश पर एसडीएम संजीव सक्सेना और टप्पा चिडावद, तहसील टोंकखुर्द के नायब तहसीलदार रवि शर्मा को अपने कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही, उदासीनता और अनियमितता बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन की अवधि में दोनों अधिकारियों को देवास कलेक्टर कार्यालय से अटैच किया गया है।

वहीं गृह विभाग ने सोनकच्छ एसडीओपी दीपा मांडवे को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दीपा मांडवे ने शासन स्तर से समय-समय पर जारी निर्देशों के बावजूद फैक्ट्री के संचालन का कोई निरीक्षण नहीं किया और वरिष्ठ कार्यालय को कोई प्रतिवेदन भी नहीं भेजा। यह कृत्य कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और उदासीन आचरण माना गया है। दीपा मांडवे को भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय भेजा गया है।

चौकी प्रभारी रमनदीप हुंडल पर भी गिरी गाज

एसपी देवास ने इस मामले में टोंककला चौकी प्रभारी रमनदीप हुंडल को भी निलंबित किया है। निलंबन आदेश में बताया गया कि विस्फोटक सामग्री और फैक्ट्री की गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद हुंडल ने वरिष्ठ अधिकारियों को कोई सूचना नहीं दी और खुफिया सूचना संकलन में भी लापरवाही बरती।

CM ने की ₹4 लाख मुआवजे की घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि इस घटना के किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जांच जारी

फिलहाल हादसे की जांच जारी है। शासन और पुलिस विभाग की ओर से की गई यह कार्रवाई प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। आगे और अधिकारियों पर भी कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।


Tags: देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट, Dewas Patakha Factory Blast, SDM निलंबित, SDOP दीपा मांडवे निलंबित, CM मोहन यादव, मध्यप्रदेश समाचार, Dewas News, MP News

You cannot print contents of this website.
Exit mobile version