शिक्षक दिवस पर नगर निगम ने 100 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं को किया सम्मानित

शिक्षक हमारे अज्ञान के अंधकार को मिटाकर शिक्षा का प्रकाश फैलाते हैं – महापौर

देवास। शिक्षक दिवस के अवसर पर नगर निगम द्वारा 100 से अधिक शिक्षकों और शिक्षिकाओं का सम्मान शाल, श्रीफल और शील्ड देकर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मल्हार स्मृति ऑडिटोरियम में मां सरस्वती और डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों का पाद पूजन भी किया गया, जिससे शिक्षकगण भावुक हो गए। सम्मान समारोह में शिक्षकों के परिवार के सदस्य भी शामिल हुए और इस दौरान पूरे सभागार में तालियों की गूंज सुनाई दी।

सम्मानित होने वालों में 10 शासकीय और 5 अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा, “शिक्षा का हमारे जीवन में अत्यधिक महत्व है। शिक्षक हमारे अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर हमें शिक्षा का प्रकाश प्रदान करते हैं। सम्मानित होने वाले शिक्षक आज समाज में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं, और उनके शिक्षित विद्यार्थी विभिन्न उच्च प्रशासनिक पदों पर आसीन हैं। नगर निगम की ओर से इन शिक्षकों का सम्मान करना गर्व की बात है।”

भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद करते हुए कहा कि वे एक महान दार्शनिक और समाज सुधारक थे, जिन्होंने शिक्षक के रूप में विद्यार्थियों को सही मार्ग पर चलने की शिक्षा दी। “गुरु हमारे जीवन के मार्गदर्शक होते हैं, जो हमारे भीतर छिपी अच्छाइयों को विकसित करते हैं,” उन्होंने कहा।

नेता सत्तापक्ष मनीष सेन ने कहा, “गुरु का स्थान बहुत बड़ा होता है। बिना गुरु के ज्ञान अधूरा है, और उनके द्वारा दी गई शिक्षा एवं संस्कार से ही विद्यार्थी उच्च पदों तक पहुंचते हैं।”

पूर्व प्राधिकरण अध्यक्ष राजेश यादव ने कहा, “आज भारतीय संस्कृति और शिक्षा प्रणाली विश्वभर में ज्ञान का संचार कर रही है। श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का ज्ञान एक गुरु के रूप में दिया था, जो यह दर्शाता है कि गुरु का स्थान देवताओं से भी ऊंचा होता है।”

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी हरिसिंह भारती और भाजपा नेता भेरूलाल अटारिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सम्मान समारोह के दौरान उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक गीत प्रस्तुत किया।

नगर निगम शिक्षा समिति अध्यक्ष पिंकी दायमा और उनके प्रतिनिधि संजय दायमा ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर आयुक्त रजनीश कसेरा, जिला पंचायत अध्यक्ष लीला अटारिया, महामंत्री पंकज वर्मा, उपायुक्त देवबाला पिपलोनिया, और अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम का संचालन पंकज वर्मा ने किया और आभार संजय दायमा ने व्यक्त किया। आयोजन की विशेषता यह रही कि यह पूर्ण रूप से ‘जीरो वेस्ट’ (इको फ्रेंडली) था, जिसमें पर्यावरण के अनुकूल वस्तुओं का उपयोग किया गया।

Exit mobile version