देवास

देवास में ऑनलाइन गेमिंग ठगी का बड़ा खुलासा, 11 आरोपी गिरफ्तार, ₹50 हजार नकद जब्त

ऑपरेशन सायबर के तहत हाटपीपल्या पुलिस की कार्रवाई, युवाओं को लालच देकर लाखों-करोड़ों की ठगी, अवैध सट्टा वेबसाइट्स से जुड़ा गिरोह बेनकाब


देवास।
ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का देवास पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन सायबर” के तहत थाना हाटपीपल्या पुलिस ने इस मामले में 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर ₹50,000 नकद जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, हाटपीपल्या क्षेत्र का आरोपी जाकिर पठान लंबे समय से ऑनलाइन गेमिंग ऐप के माध्यम से अवैध सट्टा संचालित कर रहा था। वह युवाओं को अधिक मुनाफे का लालच देकर ऑनलाइन सट्टा खेलने के लिए प्रेरित करता था, जिससे कई युवक आर्थिक रूप से बर्बाद हो गए। इसी गेमिंग ऐप से हुए आर्थिक नुकसान के कारण नगर निवासी योगेश अग्रवाल द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना भी सामने आ चुकी है।

थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक यादव के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में आरोपी जाकिर पठान से पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि वह अरुण तंवर और हरिश सोलीवाल के कहने पर काम करता था। आरोपीगण funrep. pro, mydgp. online और playrep. pro नामक वेबसाइट्स के माध्यम से 24×7 ऑनलाइन सट्टा (हार-जीत) संचालित कर रहे थे।

ठगी का तरीका
आरोपी सट्टा खेलने के इच्छुक लोगों से अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा कराते थे और बदले में वेबसाइट की आईडी व पासवर्ड देते थे। जमा राशि के अनुसार प्वाइंट्स दिए जाते थे, जिनसे ग्राहक ऑनलाइन गेम खेलता था। जीत की राशि का भुगतान UPI के माध्यम से किया जाता था, जिसमें फर्जी और ठगी से प्राप्त धन का उपयोग किया जाता था। मास्टर आईडी इंदौर निवासी राहुल चौरसिया से ली जाती थी, जिसके तहत हाटपीपल्या क्षेत्र में कई एजेंट आईडी बनाई गई थीं। इन एजेंट आईडी के जरिए सैकड़ों युवाओं को जाल में फंसाकर लाखों-करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि संबंधित गेमिंग ऐप के खिलाफ पूर्व में थाना करही (जिला खरगोन) और क्राइम ब्रांच इंदौर में भी प्रकरण दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें आईडी संचालक और एजेंट शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ सट्टा, जुआ और धोखाधड़ी से जुड़ी धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

जप्ती
कार्रवाई के दौरान आरोपियों से ₹50,000 नकद जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और ठगी की राशि बढ़ने की संभावना है।


Google News SEO Keywords:
Dewas online gaming fraud, Dev​​as cyber crime news, online betting scam MP, Hatpipliya police action, Operation Cyber Dewas

Back to top button