देवास लाइव, Dewas Live News MadhyaPradesh

इंदौर-देवास 6 लेन सड़क को 12 लेन में तब्दील करने की मांग, कांग्रेस ने परिवहन मंत्री को लिखा पत्र

20

देवास। इंदौर-देवास के बीच की 6 लेन सड़क को 12 लेन में बदलने की मांग जोर पकड़ रही है। बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए कांग्रेस ने यह मुद्दा उठाया है। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर इस सड़क के विस्तार की जरूरत पर जोर दिया है।

पत्र में उल्लेख किया गया कि इंदौर महानगर और देवास एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है, जिसके चलते इस मार्ग पर भारी यातायात का दबाव रहता है। पहले इसे 4 लेन से 6 लेन में तब्दील किया गया था, लेकिन अब भी 35 किलोमीटर की दूरी तय करने में 2-3 घंटे का समय लग रहा है। जगह-जगह जाम की स्थिति बन रही है, जिससे आम लोगों को यात्रा में परेशानी हो रही है।

श्री राजानी ने पत्र में बताया कि 25 साल पहले यह सड़क मध्यप्रदेश की पहली 4 लेन सड़क के रूप में बनाई गई थी, जिसे बाद में 6 लेन में बदला गया। वर्तमान में तेजी से बढ़ती आबादी और यातायात के मद्देनजर इसे 12 लेन में बदलने की आवश्यकता है। यह सड़क केवल मध्यप्रदेश के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे भारत के लिए व्यवसायिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

भविष्य में बनने वाले इंदौर, धार, उज्जैन के मैट्रोपोलिटन एरिया और आगामी सिंहस्थ महाकुंभ में भी इस सड़क पर ट्रैफिक का भारी दबाव रहेगा। इसके अलावा, औद्योगिक विकास की संभावनाओं को देखते हुए भी यह बदलाव आवश्यक है।

कांग्रेस द्वारा भेजे गए इस पत्र की प्रतिलिपि स्थानीय सांसद और विधायकों को भी आगामी कार्रवाई के लिए भेजी गई है, ताकि इस मांग को जल्द से जल्द पूरा किया जा सके।