देवास

कलेक्टर ने तेज आवाज में बजने वाले डीजे पर लगाया प्रतिबंध, जप्त करने के दिए निर्देश

देवास, 25 नवंबर 2024। कलेक्टर ऋषभ गुप्ता ने जिले में तेज आवाज में डीजे बजाने की बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी तहसीलदारों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे शाम के समय क्षेत्र का नियमित निरीक्षण करें और तेज आवाज में बजने वाले डीजे जप्त करने की कार्रवाई करें। कलेक्टर ने कहा कि तेज आवाज में डीजे बजाने से न केवल आमजन को असुविधा होती है, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है।

तेज आवाज का प्रभाव
तेज आवाज में डीजे बजने से खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इससे मानसिक तनाव, नींद न आने की समस्या, और सुनने की क्षमता में कमी जैसी स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा, यह पर्यावरणीय ध्वनि प्रदूषण को भी बढ़ावा देता है।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को अपने कार्यक्षेत्र में सक्रिय रहकर शिकायतों का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आमजन को राहत प्रदान करना है, जिसके लिए सभी को जिम्मेदारी से कार्य करना होगा।

Back to top button