देवास लाइव, Dewas Live News MadhyaPradesh

देवास में एमडी ड्रग्स का बड़ा नेटवर्क बेनकाब: 100 पुलिसकर्मियों की कार्रवाई में 14 आरोपी गिरफ्तार, 64.7 ग्राम एमडी और 10 लाख का मश्रुका जब्त

3

देवास। मध्यप्रदेश में चल रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत देवास पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले में युवाओं को नशे की लत लगाने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 64.7 ग्राम एमडी ड्रग्स, 14 मोबाइल फोन, एक कार और एक मोटरसाइकिल सहित करीब 10 लाख रुपये का मश्रुका जब्त किया गया है। यह पूरी कार्रवाई करीब एक महीने की सतत निगरानी के बाद मात्र 12 घंटे के भीतर की गई, जिसमें करीब 100 पुलिसकर्मियों ने चार अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी।

मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर प्रदेश में चल रहे “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के तहत देवास जिले में पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के नेतृत्व में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल तथा एसडीओपी सोनकच्छ दीपा माण्डवे के निर्देशन में कोतवाली, औद्योगिक क्षेत्र, पीपलरावां और बैंक नोट प्रेस थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने यह कार्रवाई की।

पुलिस को बैंक नोट प्रेस थाना क्षेत्र में सूचना मिली थी कि बिलावली-राजपुरा रोड पर बिना नंबर की सिल्वर रंग की इग्निस कार में कुछ लोग एमडी ड्रग्स का सौदा करने पहुंचे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर कार सवार राजा खान, महेश कुमावत, रईस खान, सोदान परमार और शेख शाहरुख को गिरफ्तार किया। आरोपियों से 18.97 ग्राम एमडी ड्रग्स, नगदी, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और इग्निस कार बरामद की गई। इस मामले में थाना बैंक नोट प्रेस में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज किया गया।

वहीं पीपलरावां थाना पुलिस को सूचना मिली कि चौबाराधीरा निवासी शकील खान सूरजना फाटा पर एमडी ड्रग्स लेकर किसी को देने के इंतजार में खड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया और उसके पास से 11.62 ग्राम एमडी जब्त की। इस मामले में उसके साथी अल्ताफ और प्रताप सिंह को भी गिरफ्तार किया गया।

इसी तरह कोतवाली थाना क्षेत्र में मोती बंगला रेलवे पटरी के पास एमडीएमए की खरीदी-फरोख्त की सूचना पर पुलिस ने जुबेर खान, ताहिर शाह और साहिल शेख को गिरफ्तार कर उनके पास से 17.87 ग्राम एमडीएमए, तीन मोबाइल फोन और नकदी बरामद की।

औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को सूचना मिली कि लाल रंग की रॉयल एनफील्ड बुलेट से तीन युवक क्षिप्रा क्षेत्र में एमडी ड्रग्स बेचने आने वाले हैं। पुलिस ने एबी रोड स्थित क्षिप्रा ब्रिज के पास घेराबंदी कर हबीब-उर-रहमान उर्फ रघु, अरुण वर्मा और कैफ को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 16.24 ग्राम एमडी ड्रग्स और बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार चारों मामलों में कुल 64.7 ग्राम एमडी ड्रग्स, एक इग्निस कार, एक रॉयल एनफील्ड बुलेट और 14 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

देवास पुलिस के अनुसार प्रदेश स्तर पर चल रहे अभियान के दौरान यह पिछले डेढ़ महीने में चौथी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी पुलिस ने जिले में 31 स्थानों पर एक साथ दबिश देकर 43 लाख 30 हजार रुपये कीमत का 437 किलो गांजा जब्त कर 14 तस्करों को गिरफ्तार किया था। अब तक जिले में कुल 32 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 475 किलो 875 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 57 लाख 30 हजार रुपये है, जब्त कर 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे से बचाने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।