जैश-ए-मोहम्मद मॉड्यूल: देवास से एक आतंकी गिरफ्तार, गुजरात-मध्य प्रदेश में ATS की संयुक्त कार्रवाई

गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने गुरुवार को प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें एक आरोपी मध्य प्रदेश के देवास जिले से पकड़ा गया, जबकि शेष आरोपी गुजरात के बनासकांठा जिले के पालनपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए। यह कार्रवाई गुजरात और मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों में एक साथ की गई।
गुजरात ATS के अनुसार, सभी आठ आरोपी जैश-ए-मोहम्मद के सक्रिय सदस्य हैं और गुजरात में संगठन का आतंकी नेटवर्क खड़ा करने की कोशिश कर रहे थे। एटीएस अधिकारी ने बताया कि आरोपी संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए एक्टिव नेटवर्क तैयार करने में जुटे थे। देवास जिले से गिरफ्तार आरोपी की भूमिका को लेकर जांच एजेंसियां अतिरिक्त जानकारी जुटा रही हैं, जिससे यह पता चल सके कि क्षेत्र में नेटवर्क किस स्तर तक फैला था।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
अहमद पुत्र अब्दुल्ला गाजीवाला, इब्राहिम पुत्र मोहम्मद हुसैन घाघा, मुदस्सिर पुत्र अब्दुल्ला गाजीवाला, ज़कारिया दुरानी पुत्र मोहम्मद अम्मार घाघा, मुफ्ती फौजान पुत्र इस्माइल दौवा, मोहम्मद अमीन शेरा, मोहम्मद अब्दुल पुत्र रहमान सावदी और बिलाल मोहम्मद पुत्र अम्मार घाघा।


सभी आरोपियों के खिलाफ UAPA की धारा 13, 17, 18, 38, 39 और BNS की धारा 148, 61 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों का डिजिटल रिकॉर्ड खंगाल रही है और उनके बैंक खातों से जुड़े वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि नेटवर्क बनाने में और किन लोगों की भूमिका रही।
देवास पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोद ने बताया कि गुजरात ATS एक संदिग्ध की तलाश में देवास पहुंची थी। देवास पुलिस ने ATS का सहयोग किया, जिसके बाद संयुक्त कार्रवाई में एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर गुजरात ATS को सौंप दिया गया। सूत्रों के अनुसार, देवास से गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से गुजरात का निवासी है और यहां नाहर दरवाजा थाना क्षेत्र के वारसी नगर स्थित इलाके में रुका हुआ था।
जांच अभी जारी है और पूछताछ के आधार पर आने वाले दिनों में कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। देवास से जुड़े आरोपी के संबंध में स्थानीय स्तर पर भी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। अधिक जानकारी का इंतजार।