देवास लाइव, Dewas Live News MadhyaPradesh

देवास: कांग्रेस ने पत्रकारों का उत्पीड़न बता कर एक वीडियो वायरल किया, पुलिस ने खोल दी पोल

3

खातेगांव में कथित पत्रकारों के खिलाफ मामले दर्ज, पुलिस जांच जारी

खातेगांव, देवास। मध्य प्रदेश कांग्रेस के फेसबुक सोशल मीडिया हैंडल से देवास जिले के खातेगांव थाने का एक वीडियो पोस्ट किया गया जिसमें थाना प्रभारी विक्रम झंझोट और एक व्यक्ति बहस करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने इस व्यक्ति और साथियों पर प्रकरण दर्ज कर दिया। कांग्रेस ने इसे पत्रकारों का उत्पीड़न बताया।

इधर देवास पुलिस ने भी उक्त व्यक्ति का पूरा चिट्ठा खोल कर रख दिया। पुलिस ने बताया कि थाना खातेगांव में कथित पत्रकारों के खिलाफ गंभीर अपराध दर्ज किए गए हैं। सोशल मीडिया पर 27 सितंबर 2024 को एक वीडियो साझा किया गया, जिसमें थाना प्रभारी और एक व्यक्ति के बीच बहस होती नजर आ रही है। जांच में सामने आया कि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति का नाम अनिल उर्फ बबलू यादव (निवासी खातेगांव) है, जिसके खिलाफ कई संगीन मामले दर्ज हैं।

अनिल यादव के खिलाफ थाना खातेगांव में कुल पाँच अपराध पंजीबद्ध हैं, जिनमें आईपीसी की धारा 294, 341, 323, 451, 506, 352, 34, 186, 504 और मध्यप्रदेश चिकित्सा सुरक्षा अधिनियम की धारा 3 एवं 4 शामिल हैं। साथ ही, एससी/एसटी एक्ट की धारा के तहत भी उस पर मामले दर्ज हैं। अनिल खुद को पत्रकार बताता है, जबकि उसका साथी विवेक उर्फ टीटू यादव भी आरोपी है। विवेक यादव के खिलाफ भी चार मामले दर्ज हैं, जिसमें आईपीसी की धारा 341, 294, 323, 506, 34, 147, 149, और 353 शामिल हैं। विवेक थाना खातेगांव का सूचीबद्ध गुंडा है।

क्या था पूरा मामला

पुलिस के अनुसार 24 सितंबर 2024 को अनिल और विवेक ने थाना खातेगांव में 7 पेटी शराब लाकर दावा किया कि यह शराब उन्होंने खुद पकड़ी है। हालांकि, स्वतंत्र गवाह की अनुपस्थिति में इस तरह की जब्ती को कानूनन संदेहास्पद माना जाता है। इस मामले में अपराध क्रमांक 687/2024 धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

इसके बाद, अशोक सिंह नाम का एक व्यक्ति थाने में आया, जिसने अपने आप को शराब दुकान का मैनेजर बताया। अशोक सिंह ने शिकायत की कि नेमावर रोड से कन्नौद रोड जाते समय उनके कर्मचारियों को अनिल यादव, विवेक यादव और अंकित यादव ने रोका, मारपीट की और उनकी मोटरसाइकिल व शराब छीन ली। इसके अलावा, तीनों ने 70,000 रुपये की मांग की और धमकी दी कि पैसे नहीं मिलने पर उन्हें थाने में बंद करवा देंगे। इस शिकायत पर थाना खातेगांव में अपराध क्रमांक 688/2024 के तहत एससी/एसटी एक्ट और अन्य धाराओं में तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने जानकारी दी है कि दोनों मामलों के आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। साथ ही पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना निर्भीक होकर दी जा सकती है, लेकिन कानून का डर दिखाकर पैसे की मांग करना भी एक गंभीर अपराध है।

You cannot print contents of this website.
Exit mobile version