देवास, 5 दिसंबर 2025 – मक्का के दाम लागत से भी नीचे गिरने, यूरिया की भारी किल्लत और दिन में 10 घंटे बिजली न मिलने से आक्रोशित किसानों के समर्थन में देवास कांग्रेस ने आज कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रयास गौतम व जिला ग्रामीण अध्यक्ष मनीष चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम जिलाधीश को ज्ञापन सौंपा।



ज्ञापन में कहा गया कि केंद्र सरकार द्वारा मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2,400 रुपए प्रति क्विंटल घोषित किया गया है, लेकिन देवास सहित प्रदेश की मंडियों में मक्का मात्र 1,100 से 1,400 रुपए क्विंटल बिक रही है – यानी एक लीटर पीने का पानी भी इससे महंगा हो गया। कांग्रेस ने इसे “किसानों के साथ खुली लूट” करार दिया और आरोप लगाया कि अमेरिका के दबाव में सस्ता मक्का आयात करने से घरेलू कीमतें ध्वस्त हो गईं।
कार्यकर्ताओं ने केंद्र के कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर तीखा हमला बोला। प्रयास गौतम ने कहा, “शिवराज सिंह चौहान जी की नाक के नीचे किसान लूट रहा है और मुख्यमंत्री जी पूरी तरह मौन हैं। यह दोहरी मार है – एक तरफ आयात से दाम गिरे, दूसरी तरफ यूरिया के लिए किसान रात-रात भर लाइन में खड़े हैं।”
तीन प्रमुख मांगें
- मक्का की तुरंत MSP पर सरकारी खरीदी
- यूरिया खाद की पर्याप्त आपूर्ति और कालाबाजारी पर रोक
- मुख्यमंत्री के वादे अनुसार दिन में लगातार 10 घंटे सिंचाई के लिए बिजली
पूर्व महापौर रेखा वर्मा, प्रदीप चौधरी, राजेंद्र मालवीय, शौकत हुसैन, भगवान सिंह चावड़ा, सुधीर शर्मा सहित सैकड़ों कांग्रेसजन मौजूद रहे। ज्ञापन का वाचन सूरज सिंह चावड़ा ने किया और आभार चंद्रपाल सिंह सोलंकी ने माना।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह में मक्का की MSP पर खरीदी शुरू नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
मक्का भाव आज, मक्का 1 लीटर पानी से सस्ती, देवास कांग्रेस प्रदर्शन, मक्का MSP खरीदी, यूरिया किल्लत मध्यप्रदेश, किसान आंदोलन 2025