
देवास। एमजी अस्पताल देवास में उपचार के दौरान डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस के साथ भी आरोपियों द्वारा अभद्रता कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
देवास पुलिस द्वारा 18 जुलाई 2026 को जारी प्रेस नोट के अनुसार, घटना 17 जुलाई की है। एक घायल व्यक्ति को उपचार के लिए एमजी अस्पताल लाया गया था। घायल के साथ दो पुरुष और एक महिला अस्पताल पहुंचे थे। पुलिस का दावा है कि घायल और उसके साथ आए दोनों पुरुष शराब के नशे में थे।
ओपीडी पर्ची लाने की बात पर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने आवश्यक औपचारिकता पूरी करने के लिए परिजनों से ओपीडी पर्ची लाने को कहा। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद चिकित्सक और अस्पताल स्टाफ के साथ मारपीट एवं अभद्र व्यवहार किया गया। स्थिति बिगड़ने पर अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस टीम से भी अभद्रता का आरोप
सूचना मिलने पर थाना कोतवाली पुलिस की टीम एमजी अस्पताल पहुंची। पुलिस के अनुसार, वहां मौजूद आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता की और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रूप सिंह पिता पीरूलाल रांगोलिया (31), निवासी चूना खदान, काकड़, बालगढ़, देवास और कालू उर्फ रोहित पिता तेजराम चौहान (28), निवासी ग्राम बगोदा, थाना बेटमा, जिला इंदौर के रूप में बताई गई है।
BNS सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 476/2026 दर्ज किया है। पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 131, 132, 121(1), 296(B), 351(3), 3(5) तथा मध्यप्रदेश चिकित्सा या चिकित्सा से संबंधित व्यक्तियों की सुरक्षा अधिनियम, 2008 की धारा 3/4 के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
देवास पुलिस ने कहा है कि चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य शासकीय सेवकों के साथ अभद्रता, मारपीट या शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Dewas News, MG Hospital Dewas, Dewas Police, Doctor Assault Dewas, Health Workers Assault, Kotwali Police Dewas, Dewas Crime News, MG Hospital Doctor Assault, Dewas Latest News, Madhya Pradesh News


