देवास लाइव, Dewas Live News MadhyaPradesh

10 लाख की फिरौती के लिए 4 वर्षीय बालक का अपहरण, देवास पुलिस ने 5 घंटे में किया पर्दाफाश

4

देवास लाइव। दीपावली के पर्व के दौरान देवास जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां चार वर्षीय मासूम का अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अपहरण कर 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई। देवास पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज पांच घंटे में इस अपहरण का पर्दाफाश किया और मासूम बालक को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

घटना का संक्षिप्त विवरण

31 अक्टूबर 2024 की रात, जब लोग दीपावली महापर्व की तैयारियों में जुटे हुए थे, तब देवास जिले के ग्राम अतरालिया निवासी भावना बाई ने अपने 4 वर्षीय पुत्र के लापता होने की शिकायत थाने में दर्ज कराई। भावना बाई के अनुसार, रात 9 बजे के आसपास उसका पुत्र घर के बाहर खेल रहा था, तभी कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी बालक का पता न लगने पर पुलिस को सूचित किया गया।

इस घटना की गंभीरता को देखते हुए देवास पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने तत्काल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीरसिंह भदौरिया एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सोनकच्छ दीपा मांडवे के निर्देशन में 4 विशेष टीमों का गठन किया।

तत्काल पुलिस कार्रवाई

पुलिस टीमों ने कार्यवाही करते हुए तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र के माध्यम से सीसीटीवी फुटेज खंगाले। टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर पुलिस को पीपलरवां थाना क्षेत्र के ग्राम कुमारिया बनवीर में संदेही आरोपी धर्मेन्द्र सिंह राजपूत के बारे में जानकारी प्राप्त हुई। तत्पश्चात पुलिस टीमों ने उक्त स्थान पर सर्च ऑपरेशन चलाया और संदेही आरोपी धर्मेन्द्र सिंह को रात के समय उसके घर के पास से हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी धर्मेन्द्र सिंह ने स्वीकार किया कि उसने मासूम बालक का अपहरण किया और 10 लाख रुपये की फिरौती के लिए उसे अपने सहयोगी दयाराम कंजर के घर पर छिपा रखा था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मध्यरात्रि में कुमारिया बनवीर के जंगल में तलाशी अभियान चलाया और लगभग 2:20 बजे अपहृत बालक को सुरक्षित बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की जानकारी

1. धर्मेन्द्र सिंह राजपूत – उम्र 30 वर्ष, निवासी कुमारिया बनवीर, थाना पीपलरवां।

2. दयाराम सिसौदिया – उम्र 60 वर्ष, निवासी कंजरडेरा, थाना पीपलरवां।

3. नीलेश धनगर – उम्र 29 वर्ष, निवासी कुमारिया बनवीर, थाना पीपलरवां।

You cannot print contents of this website.
Exit mobile version