
17 वार्डों में मिले कचरा पॉइंट और खुले में जलता कचरा, सफाई कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर भी होगी कार्रवाई
देवास। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। वार्डों में सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर संबंधित दरोगाओं और स्वच्छता निरीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। वहीं लगातार 20 दिन से अधिक अनुपस्थित रहने वाले सफाई कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
नगर निगम आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, स्वच्छता निरीक्षकों और दरोगाओं के साथ बैठक कर स्वच्छता सर्वेक्षण की गाइडलाइन के अनुसार शहर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में वार्डों में कचरा पॉइंट, खुले में कचरा फेंकने और जलाने, नालियों से निकली गाद को समय पर नहीं उठाने तथा खुले प्लॉटों में जमा कचरे जैसे मुद्दों पर वार्डवार जानकारी ली गई।
नगर निगम की सहयोगी आईईसी टीम द्वारा किए गए सर्वे के दौरान जियो-टैग फोटो भी लिए गए, जिन्हें बैठक में प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया। सर्वे में वार्ड क्रमांक 1, 2, 7, 10, 11, 12, 17, 20, 22, 25, 28, 29, 32, 34, 36, 41 और 42 में कचरा पॉइंट, खुले में पड़ा कचरा और कुछ स्थानों पर कचरा जलता हुआ पाया गया।
इस पर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित वार्ड दरोगाओं को चेतावनी दी और स्वच्छता व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लापरवाही जारी रहने पर वेतन आहरण रोकने सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खुले में कचरा डालने वालों पर होगा चालान
आयुक्त ने निर्देश दिए कि किसी भी वार्ड में कचरा एकत्रित नहीं होना चाहिए और न ही खुले में कचरा जलाया जाए। यदि रहवासी खुले स्थानों पर कचरा डालते हैं तो पहले उन्हें समझाइश दी जाए। इसके बावजूद दोबारा कचरा डालने पर चालानी कार्रवाई की जाए।
स्वच्छता निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने और कचरा संग्रहण वाहनों की समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिन क्षेत्रों में कचरा वाहन समय पर नहीं पहुंच रहे हैं, वहां शिकायतों का तत्काल निराकरण करने को कहा गया है।
एबी रोड सहित प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई के निर्देश
आयुक्त ने एबी रोड, मक्सी रोड, उज्जैन रोड और भोपाल चौराहा से बायपास तक मुख्य मार्गों, डिवाइडरों, सर्विस रोड और फ्लायओवर ब्रिज के आसपास नियमित सफाई कराने के सख्त निर्देश दिए। मुख्य बस स्टैंड पर सुबह, दोपहर और शाम तीनों समय सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मुख्य मार्गों पर लगे लिटर बिन समय पर खाली नहीं करने या उनके आसपास कचरा मिलने पर संबंधित वार्ड दरोगा और एसआई के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि एबी रोड की सफाई सुबह 7:30 बजे से पहले पूरी कर ली जाए। इसके बाद व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा सड़क पर कचरा फेंकने पर चालानी कार्रवाई की जाए। साथ ही अस्थायी अतिक्रमण हटाने और सड़क पर रखी सामग्री जब्त करने के निर्देश स्वच्छता निरीक्षक और रिमूवल टीम प्रभारी को दिए गए।
20 दिन से अधिक अनुपस्थित सफाई कर्मचारी की सेवा होगी समाप्त
आयुक्त ने आईईसी टीम को वार्डों में सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति और समय पर ड्यूटी पर आने-जाने की सघन जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई सफाई कर्मचारी 20 दिन से अधिक अनुपस्थित पाया जाता है तो उसकी सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की जाए।
आयुक्त ने सभी स्वच्छता निरीक्षकों और दरोगाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि निरीक्षण के दौरान किसी वार्ड में कचरा पॉइंट या खुले में कचरा जलता मिला तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
SEO Keywords: Dewas Nagar Nigam, Dewas Cleanliness, Dalip Kumar, Dewas Municipal Commissioner, Swachhata Abhiyan Dewas, Dewas News, Nagar Nigam Action, सफाई कर्मचारी देवास, स्वच्छता सर्वेक्षण देवास
