कन्नौददेवासपुलिस

सोयाबीन चोरी छिपाने 400 फीट गहरी खाई में ट्रक फेंककर लगाई आग, देवास पुलिस ने किया खुलासा

285 क्विंटल सोयाबीन चोरी करने का आरोप; CCTV और तकनीकी जांच से खुला राज, चालक गिरफ्तार

देवास। सिया घाट की करीब 400 फीट गहरी खाई में ट्रक फेंककर आग लगाने की घटना सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि करीब 19 लाख रुपये की सोयाबीन चोरी छिपाने के लिए रचा गया षड्यंत्र निकली। कन्नौद पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम् के अंतर्गत लगे CCTV कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मामले का खुलासा करते हुए आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है।

खाई में जला मिला था ट्रक

पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को सिया घाट पर एक ट्रक के खाई में गिरने और उसमें आग लगने की सूचना मिली थी। कन्नौद पुलिस मौके पर पहुंची तो घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की जानकारी नहीं मिली। परिस्थितियां संदिग्ध दिखाई देने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

महाराष्ट्र भेजी गई थी 285 क्विंटल सोयाबीन

जांच में सामने आया कि 21 अगस्त को ट्रक क्रमांक MP-04-HE-4288 में 285 क्विंटल सोयाबीन भरकर हिंगनघाट, महाराष्ट्र के लिए रवाना की गई थी। पुलिस के मुताबिक, ट्रक चालक और उसके साथियों ने करीब 19 लाख रुपये की सोयाबीन चोरी कर छिपा दी।

चोरी को दुर्घटना का रूप देने के लिए ट्रक को सिया घाट की करीब 400 फीट गहरी खाई में फेंककर आग लगा दी गई। इसके बाद घटना को सामान्य सड़क हादसा बताने का प्रयास किया गया।

आरोपी चालक गिरफ्तार, सोयाबीन बरामद

पुलिस ने मामले में ट्रक चालक रहीश पिता इसूब खां निवासी धनना, जिला शाजापुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर छिपाकर रखी गई चोरी की सोयाबीन भी बरामद कर ली गई।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोम्या जैन और एसडीओपी आदित्य तिवारी के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। जांच में उपनिरीक्षक राहुल रावत, प्रधान आरक्षक दीपक अग्निहोत्री, आरक्षक योगेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह और साइबर सेल के आरक्षक सोनू की भूमिका रही।

सौरभ सचान

सौरभ सचान देवास लाइव (dewaslive.com) के संपादक एवं प्रमुख हैं। देवास लाइव मध्यप्रदेश के देवास जिले से प्रकाशित एक प्रमुख डिजिटल हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो स्थानीय खबरों, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी घटनाओं को निष्पक्ष और सटीक रूप में प्रस्तुत करता है। सौरभ सचान की पत्रकारिता का उद्देश्य स्थानीय आवाज़ों को सामने लाना और देवास की जमीनी सच्चाई को जनता तक पहुँचाना है।

Related Articles

Back to top button