देवासपुलिस

किराए की कार से रेकी, फिर सूने मकानों में चोरी: देवास पुलिस ने तीन नाबालिग सहित छह को पकड़ा

बजरंग नगर में हुई नकबजनी का पांच दिन में खुलासा करने का दावा; करीब दो लाख के आभूषण और नौ लाख की दो कारें जब्त

देवास। किराए की कार से सूने मकानों की रेकी कर चोरी करने के मामले में औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने तीन वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया है और तीन नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस के मुताबिक, इनसे बजरंग नगर में हुई नकबजनी का खुलासा हुआ है। चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल दो कारों सहित करीब 11 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है। आरोपी अगली वारदात की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

परिवार बाहर गया था, लौटे तो टूटे मिले ताले

बजरंग नगर निवासी देवेन्द्र मालवीय, उम्र 34 वर्ष, ने एक सितंबर को औद्योगिक क्षेत्र थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 29 अगस्त को वह अपनी पत्नी को लेने ससुराल इंदौर गए थे। राखी पर्व के कारण उनका छोटा भाई भी अपनी पत्नी के साथ मामाजी के घर गया हुआ था। इस दौरान मकान सूना था।

31 अगस्त को घर लौटने पर ताला टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा हुआ था और अलमारियां भी टूटी थीं। सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थी। शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह वर्धमान और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी निरीक्षक अमित सोलंकी के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल की जांच की और ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।

पुलिस के अनुसार, फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर इंदौर-उज्जैन बायपास स्थित ग्राम हवनखेड़ी के यात्री प्रतीक्षालय से छह संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में बजरंग नगर की चोरी में उनकी संलिप्तता सामने आई।

हर वारदात के लिए बदलते थे किराए की कार

पुलिस के मुताबिक, आरोपी किराए पर कार लेकर अलग-अलग इलाकों में घूमते और सूने मकानों की रेकी करते थे। मौका मिलने पर ताला तोड़कर चोरी करते, फिर कार वापस जमा कर देते थे। अगली वारदात के लिए दूसरी कार किराए पर लेते थे। पुलिस का दावा है कि पकड़े जाने के समय भी वे एक अन्य वारदात की तैयारी में थे।

दो लाख के आभूषण और दो कारें जब्त

जब्त आभूषणों में सोने का मंगलसूत्र पेंडिल, नथ, दो टीके और अंगूठी के साथ चांदी की पायजेब, कमर के छल्ले, बच्चों के कड़े, बिछुड़ियां और गले की चेन शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।

इसके अलावा करीब तीन लाख रुपये कीमत की टियागो कार क्रमांक MP09WC3153 और करीब छह लाख रुपये कीमत की डिजायर कार क्रमांक MP09CW1158 जब्त की गई है। दोनों कारों और आभूषणों को मिलाकर कुल जब्ती लगभग 11 लाख रुपये की है।

तीन वयस्क आरोपी गिरफ्तार, तीन नाबालिग अभिरक्षा में

गिरफ्तार वयस्क आरोपियों में राधानगर निवासी शिवम प्रजापति उर्फ चावल, उम्र 19 वर्ष; प्रेमनगर पार्ट-2 निवासी हर्ष जोशी उर्फ हर्ष शूटर, उम्र 20 वर्ष और सम्यक विहार कॉलोनी निवासी आदित्य चौहान उर्फ लाड़ला, उम्र 20 वर्ष शामिल हैं। इनके साथ तीन नाबालिगों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

कार्रवाई में निरीक्षक अमित सोलंकी, फिंगरप्रिंट शाखा प्रभारी निरीक्षक बिना दुबे, उपनिरीक्षक नरेन्द्र अम्करे, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र राणा, आरक्षक अजय जाट, लक्ष्मीकांत शर्मा, अर्पित जायसवाल, उदय तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक सचिन चौहान और शिवप्रताप सिंह सेंगर की भूमिका रही।

सौरभ सचान

सौरभ सचान देवास लाइव (dewaslive.com) के संपादक एवं प्रमुख हैं। देवास लाइव मध्यप्रदेश के देवास जिले से प्रकाशित एक प्रमुख डिजिटल हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो स्थानीय खबरों, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी घटनाओं को निष्पक्ष और सटीक रूप में प्रस्तुत करता है। सौरभ सचान की पत्रकारिता का उद्देश्य स्थानीय आवाज़ों को सामने लाना और देवास की जमीनी सच्चाई को जनता तक पहुँचाना है।

Related Articles

Back to top button