
सावन की फुहारों और देशभक्ति गीतों के बीच उमड़ा उत्साह; जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और नागरिक हुए शामिल
देवास, 12 अगस्त 2026। जिले में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत राष्ट्रप्रेम का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देवास में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री जगदीश देवड़ा के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
सावन की फुहारों और देशभक्ति गीतों की धुन के बीच आयोजित यात्रा में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्कूली बच्चों, खिलाड़ियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा श्रीमंत तुकोजीराव पवार स्टेडियम से प्रारंभ होकर भोपाल चौराहा, नाहर दरवाजा, नयापुरा, सुपर मार्केट, जवाहर चौक और मंडी धर्मशाला से होते हुए पुनः भोपाल चौराहा पहुंची। यात्रा का समापन श्रीमंत तुकोजीराव पवार स्टेडियम में हुआ।
तिरंगा हमारी आन, बान और शान: उप मुख्यमंत्री
प्रभारी मंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देशव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित की गई है। तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकलने पर प्रत्येक नागरिक गर्व का अनुभव करता है। पूरे मध्य प्रदेश में देशभक्ति की भावना के साथ तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं, जिनमें जनता का अभूतपूर्व उत्साह दिखाई दे रहा है।
श्री देवड़ा ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की स्वतंत्रता और सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों को नमन करते हुए कहा कि शहीदों के सर्वोच्च बलिदान और वीरता के कारण ही हमारा देश सुरक्षित है तथा हम स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं।
हर घर पर गर्व से फहराएं तिरंगा
उप मुख्यमंत्री ने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि अपने-अपने घरों पर गर्व के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराना हम सभी की जिम्मेदारी है। यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति कृतज्ञता और राष्ट्रीय एकता प्रदर्शित करने का सशक्त माध्यम है।
यात्रा के उपरांत श्री देवड़ा ने श्रीमंत तुकोजीराव पवार स्टेडियम परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का आग्रह भी किया।
इनकी रही सहभागिता
तिरंगा यात्रा में देवास विधायक श्रीमती गायत्री राजे पवार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीला अटारिया, महापौर श्रीमती गीता अग्रवाल, नगर निगम सभापति श्री रवि जैन, श्री रायसिंह सेंधव सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद, नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी और श्री संजीव जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। यात्रा में स्कूलों के छात्र-छात्राओं, सामाजिक संस्थाओं, पत्रकारों, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, नेहरू युवा केंद्र तथा शहर के गणमान्य नागरिकों ने भी भाग लिया।


