देवासप्रशासनिक

कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने किया देवास जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों का निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

देवास, 16 फरवरी 2025: देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कन्नौद, खातेगांव और हाटपीपल्या तहसीलों का दौरा कर सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर दिया।

नेवरी में स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा

कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने नेवरी प्राइमरी हेल्थ सेंटर में चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से जानकारी ली कि हेल्थ सेंटर का निर्माण कार्य कब तक पूरा होगा। बताया गया कि यह कार्य 9 माह में पूर्ण हो जाएगा। इस पर उन्होंने निर्देश दिए कि समय-समय पर गुणवत्ता जांच की जाए और नक्से के अनुसार ही निर्माण कार्य किया जाए।

इसके अलावा, उन्होंने शासकीय प्राथमिक विद्यालय नेवरी का दौरा कर वहाँ चल रही प्रोड परीक्षा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से चर्चा कर उनकी शैक्षणिक स्थिति और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।

हाटपीपल्या में तहसील कार्यालय और बस स्टेशन का निरीक्षण

कलेक्टर ने हाटपीपल्या तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर वहां के स्टाफ और उनकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने RCMS पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की स्थिति जानी और अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने पेशी बढ़ाने पर शुल्क लगाने के भी निर्देश दिए।

इसके बाद, उन्होंने हाटपीपल्या के नए बस स्टेशन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर परिषद की पुरानी दुकानों को तोड़कर नई दुकानों में शिफ्ट करने के आदेश भी दिए।

शासकीय अस्पताल में व्यवस्थाओं की जांच

कलेक्टर ने हाटपीपल्या के शासकीय अस्पताल का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने डॉक्टरों और स्टाफ की उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने दवा स्टॉक, मरीजों की स्थिति और अस्पताल की सफाई व्यवस्था की जांच की। इसके अलावा, गायनिक वार्ड का निरीक्षण कर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली सहायता राशि की जानकारी ली।

उन्होंने एनबीएसयू लेबर वार्ड और दवाई स्टॉक रजिस्टर की भी जांच की। इस दौरान मिडाजोलम इंजेक्शन की मांग सामने आई, जिस पर कलेक्टर ने सीएमएचओ को तत्काल इंजेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कन्नौद में निर्माण कार्यों की समीक्षा

कलेक्टर ने कन्नौद तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर पुरानी गाड़ियों को राइट-ऑफ करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम कार्यालय और जनपद पंचायत में लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और स्वराज पोर्टल पर डेटा एंट्री की स्थिति जानी।

इसके अलावा, उन्होंने कन्नौद में निर्माणाधीन सीएम राइज स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने नक्शे का अवलोकन कर अधिकारियों से निर्माण सामग्री की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली और रेत की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए।

खातेगांव में प्रशासनिक कार्यों की जांच

कलेक्टर ने खातेगांव एसडीएम कार्यालय का निरीक्षण कर वहां के स्टाफ से चर्चा की। उन्होंने माइनिंग से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली और बिना रॉयल्टी के परिवहन कर रही गाड़ियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने खातेगांव ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर से बोर्ड परीक्षा के सेंटरों और सीएम राइज स्कूल की स्थिति की जानकारी ली। इसके अलावा, जनपद पंचायत खातेगांव के सीईओ से पंचायत में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।

कलेक्टर ने ग्राम पंचायत हतनोरी में फार्मर रजिस्ट्रेशन और आरओआर लिंकिंग कार्य का निरीक्षण किया और तेजी से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

नेमावर में मां नर्मदा की आरती और मंदिर दर्शन

निरीक्षण के बाद, कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने नेमावर में मां नर्मदा की आरती की और सिद्धेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर के पुजारी ने उनसे मंदिर की समस्याओं को लेकर चर्चा की, जिस पर कलेक्टर ने उचित समाधान का आश्वासन दिया।

sardana
Sneha
san thome school
Back to top button