
देवास। उदयनगर-इंदौर रोड पर ग्राम दड़ (जूनापानी) में रविवार सुबह करीब 10.30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इंदौर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कैंपर वाहन ने घर के बाहर मौजूद एक बुजुर्ग और दो महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बुजुर्ग और दूसरी महिला ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। तीनों को टक्कर मारने के बाद वाहन घर के आंगन की संरचना तोड़ते हुए नीम के पेड़ से टकरा गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
हादसे में ग्राम दड़ निवासी शंकर पिता मोहन मंडलोई (60), देवनालिया निवासी जमना बाई पति सोहन माली (45) और ग्राम दड़ निवासी मन्नू बाई पति घनश्याम सोलंकी (40) की मौत हुई है। घटना के समय शंकर मंडलोई अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठे थे और दोनों महिलाएं पास में मौजूद थीं। इसी दौरान इंदौर की ओर से आए कैंपर वाहन क्रमांक एमपी 09 डीए 2727 ने तीनों को टक्कर मार दी।
जमना बाई की मौके पर मौत, दो ने रास्ते में तोड़ा दम
टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मदद के लिए पहुंचे। जमना बाई की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शंकर मंडलोई और मन्नू बाई को उपचार के लिए इंदौर के इंडेक्स अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में दोनों की मौत हो गई। जमना बाई को परिजन बागली के शासकीय अस्पताल ले गए, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की गई।
आंगन में घुसकर नीम के पेड़ से टकराया वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। तीनों लोगों को टक्कर मारने के बाद वह घर के आंगन में घुस गया और सामने की संरचना तोड़ते हुए नीम के पेड़ से टकराया। हादसे में झोपड़ी और कुछ पोल भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। सूचना मिलने पर उदयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भिजवाया।
चालक भी घायल, पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण
फरियादी रमेश मंडलोई की रिपोर्ट के अनुसार, घटना के समय कमल मंडलोई, सखाराम चौहान सहित अन्य लोग मौके पर मौजूद थे। ग्रामीणों ने चालक को वाहन से बाहर निकाला। चालक की पहचान धर्मेंद्र जैन (45), निवासी इंदौर के रूप में हुई है। वह वाहन में अकेला था। घायल चालक को उपचार के लिए बागली अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने वाहन में बर्तन मिलने की जानकारी देते हुए चालक के पिकनिक से लौटने की बात कही है। हालांकि, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में बुजुर्ग घर के बाहर कुर्सी पर बैठे और दो महिलाएं पास में खड़ी नजर आ रही हैं। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन तीनों को टक्कर मारते हुए आंगन में घुस जाता है और पेड़ से टकराता है। हादसे में तीन लोगों की मौत से गांव में शोक का माहौल है।



