
लोकायुक्त के अनुसार आय से 568 प्रतिशत अधिक खर्च सामने आया; 21 बैंक खाते मिले, खातों से निकासी पर रोक, 9 वाहनों के दस्तावेज जब्त
देवास। प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर लोकायुक्त की छापेमारी में अब तक 33 अचल संपत्तियों का खुलासा हुआ है। लोकायुक्त के ताजा प्रेस नोट के अनुसार, इन संपत्तियों का वर्तमान बाजार मूल्य 29 करोड़ 73 लाख 18 हजार 768 रुपये आंका गया है। ये संपत्तियां फिरोज खान, उनकी पत्नी, मां, परिचित महिला रोशनी वर्मा और साहिल ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर मिली हैं। इनमें कुछ संपत्तियों को लोकायुक्त ने बेनामी बताया है।
पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय, इंदौर में पदस्थ फिरोज खान के देवास स्थित आदर्श नगर के आवास और अन्य 14 स्थानों पर बुधवार, 14 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से सर्च कार्रवाई की गई। इंदौर और उज्जैन लोकायुक्त की संयुक्त टीमों की कार्रवाई में संपत्तियों, वाहनों, बैंक खातों और कारोबार से जुड़ी जानकारी सामने आई है।
33 संपत्तियां खरीदने पर 11.57 करोड़ रुपये खर्च
लोकायुक्त के अनुसार, सामने आई 33 अचल संपत्तियों को खरीदने पर आरोपीगण द्वारा 11 करोड़ 57 लाख 49 हजार 818 रुपये खर्च किए गए हैं। इनका वर्तमान बाजार मूल्य करीब 29.73 करोड़ रुपये आंका गया है।
जांच में ये संपत्तियां स्वयं फिरोज खान, उनकी पत्नी, मां, रोशनी वर्मा और साहिल ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर खरीदे जाने की जानकारी मिली है। लोकायुक्त के मुताबिक, फिरोज खान ने रोशनी वर्मा के नाम शिकायतकर्ता के पिता से लगभग 21.75 बीघा कृषि भूमि का रजिस्टर्ड एग्रीमेंट भी करवाया था।
1.93 करोड़ की आय के मुकाबले 12.95 करोड़ रुपये का खर्च
प्रेस नोट के मुताबिक, फिरोज खान की वेतन से अनुमानित आय 75 लाख रुपये है। अन्य आय जोड़कर कुल आय 1 करोड़ 93 लाख 84 हजार 440 रुपये आंकी गई है।
इसके मुकाबले अब तक की जांच में चल और अचल संपत्तियों पर 12 करोड़ 95 लाख 72 हजार 28 रुपये खर्च किए जाने की बात सामने आई है। लोकायुक्त के अनुसार, यह कुल आय से 11 करोड़ 1 लाख 87 हजार 588 रुपये अधिक है। इस आधार पर अनुपातहीन व्यय लगभग 568 प्रतिशत बताया गया है।
21 बैंक खाते मिले, निकासी पर रोक
लोकायुक्त को आरोपीगण के नाम इंदौर, उज्जैन और देवास के बैंकों में लगभग 21 खाते मिले हैं। आरोपीगण और उनकी कंपनियों व फर्मों के बैंक खातों का विवरण प्राप्त किया जा रहा है। खातों से राशि निकालने पर रोक लगाई गई है।
सर्च में साहिल ट्रेडिंग कम्पनी, रॉयल ग्रीन रियल स्टेट, रोशनी सेल्स एंड सर्विस, महाराजा रियल स्टेट और ब्लैक हॉरनेट नाम की कंपनियां व फर्में सामने आई हैं।
9 वाहनों के दस्तावेज जब्त
आरोपीगण के निवास से ट्रक, कार, स्कॉर्पियो, स्कूटी और मोटरसाइकिल सहित लगभग 9 वाहनों के दस्तावेज जब्त किए गए हैं। इनके संबंध में भी जांच की जा रही है।
देवास और इंदौर के आवासों पर सर्च जारी
लोकायुक्त के ताजा प्रेस नोट के अनुसार, देवास और इंदौर स्थित आरोपीगण के आवासों पर सर्च कार्रवाई जारी है। शेष स्थानों पर सर्च पूरी हो चुकी है।
कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह और इंदौर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के मार्गदर्शन में की गई। देवास की कार्रवाई में डीएसपी सुनील तालान और दीपक सेजवार तथा इंदौर में डीएसपी आनन्द चौहान और दिनेशचन्द्र पटेल सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं। संपत्तियों और लेन-देन के बताए गए आंकड़े लोकायुक्त की अब तक की जांच पर आधारित हैं।


