देवासपुलिस

क्षिप्रा ब्रिज पर सड़क सुरक्षा की पहल, दुर्घटना संभावित क्षेत्र में लगाए चेतावनी बैनर

19 वर्षीय युवती की सड़क हादसे में मौत के बाद सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जताई गई थी चिंता, वाहन चालकों को धीमी गति से चलने का संदेश

देवास। क्षिप्रा ब्रिज पर 23 जुलाई को हुए सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवती की मौत के बाद औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर अच्छी पहल की है। पुलिस ने ब्रिज और आसपास के दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी एवं जागरूकता बैनर लगाए हैं। इनके माध्यम से वाहन चालकों से धीमी गति और सावधानी से वाहन चलाने की अपील की गई है।

इस दुर्घटना को लेकर सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में भी चिंता जाहिर की गई थी। बैठक में दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने और वाहन चालकों को जागरूक करने पर जोर दिया गया था। इसके बाद 8 अगस्त को औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने क्षिप्रा ब्रिज और आसपास बड़े चेतावनी बैनर लगाए।

जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई को क्षिप्रा ब्रिज पर एक अज्ञात ट्रक चालक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी। हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार 19 वर्षीय युवती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि उसका भाई घायल हो गया था। मामले में औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 635/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 106(1), 281 और 125(1) के तहत जांच शुरू की है।

बैनर पर लिखा—सावधान, धीरे चलें

पुलिस द्वारा लगाए गए बैनरों पर “सावधान, धीरे चलें—दुर्घटना संभावित क्षेत्र” जैसे संदेश लिखे गए हैं। वाहन चालकों को गति नियंत्रित रखने, सुरक्षित दूरी बनाने, ओवरटेक करते समय सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

सुरक्षा इंतजाम करने के लिए संबंधित एजेंसी को सूचना

पुलिस ने सड़क निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग, सुरक्षा बैरियर और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सहित जरूरी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के लिए भी कहा है।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर जिले में दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर निवारक उपाय किए जा रहे हैं। पुलिस की यह पहल दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के साथ वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने में भी मददगार साबित होगी।

देवास पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि क्षिप्रा ब्रिज और अन्य दुर्घटना संभावित क्षेत्रों से गुजरते समय वाहन की गति धीमी रखें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और यातायात नियमों का पालन करें। किसी भी दुर्घटना या जोखिम की स्थिति दिखाई देने पर तत्काल पुलिस और संबंधित विभाग को सूचना दें।

सौरभ सचान

सौरभ सचान देवास लाइव (dewaslive.com) के संपादक एवं प्रमुख हैं। देवास लाइव मध्यप्रदेश के देवास जिले से प्रकाशित एक प्रमुख डिजिटल हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो स्थानीय खबरों, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी घटनाओं को निष्पक्ष और सटीक रूप में प्रस्तुत करता है। सौरभ सचान की पत्रकारिता का उद्देश्य स्थानीय आवाज़ों को सामने लाना और देवास की जमीनी सच्चाई को जनता तक पहुँचाना है।

Related Articles

Back to top button