देवासप्रशासनिक

देवास में खुले सोयाबीन तेल की बिक्री पर कार्रवाई, 1520 किलो तेल जब्त

दो प्रतिष्ठानों से करीब 2.53 लाख रुपये का तेल जब्त; चार सैंपल भोपाल भेजे, जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी वैधानिक कार्रवाई

देवास। त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने खुले रिफाइंड सोयाबीन तेल की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की है। बुधवार को जांच दल ने शहर के दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर लगभग 1520 किलोग्राम तेल जब्त किया। इसकी कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 52 हजार 900 रुपये है। विभाग के अनुसार, जब्त किया गया खुला तेल विक्रय के लिए प्रतिबंधित है।

परसमंस ट्रेडर्स से 980 किलो तेल जब्त

जांच दल ने परसमंस ट्रेडर्स पर खुले रिफाइंड सोयाबीन तेल का सैंपल लिया। निरीक्षण के दौरान यहां बिक्री के लिए संग्रहित लगभग 980 किलोग्राम तेल जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 69 हजार 740 रुपये बताई गई है।

पूर्वी ट्रेडर्स पर भी कार्रवाई

दल ने शुक्रवारिया हाट स्थित पूर्वी ट्रेडर्स का भी निरीक्षण किया। यहां खुले रिफाइंड सोयाबीन तेल और पैकेटबंद तेल के सैंपल लिए गए। प्रतिष्ठान से बिक्री के लिए रखा 540 किलोग्राम से अधिक प्रतिबंधित खाद्य तेल जब्त किया गया, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य 83 हजार 160 रुपये है।

चार सैंपल राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे

दोनों प्रतिष्ठानों से कुल चार सैंपल विधिवत सील कर परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। खाद्य सुरक्षा प्रशासन की अभिहित अधिकारी निर्मला सोमकुंवर ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

विभाग के अनुसार, इससे पहले विजय किराना स्टोर से भी तेल के उन पैकेट्स का सैंपल लिया जा चुका है, जिन्हें एक तेल थोक विक्रेता ने आपूर्ति किया था और विभाग ने विक्रय के लिए प्रतिबंधित बताया है।

यह कार्रवाई त्योहारों के दौरान नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत की गई है। जब्त तेल की गुणवत्ता संबंधी निष्कर्ष प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होंगे।

सौरभ सचान

सौरभ सचान देवास लाइव (dewaslive.com) के संपादक एवं प्रमुख हैं। देवास लाइव मध्यप्रदेश के देवास जिले से प्रकाशित एक प्रमुख डिजिटल हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो स्थानीय खबरों, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी घटनाओं को निष्पक्ष और सटीक रूप में प्रस्तुत करता है। सौरभ सचान की पत्रकारिता का उद्देश्य स्थानीय आवाज़ों को सामने लाना और देवास की जमीनी सच्चाई को जनता तक पहुँचाना है।

Related Articles

Back to top button