
मल्हार स्मृति भवन में सुबह 11 बजे से लगेगा कैंप; ऑनलाइन आवेदन, सब्सिडी और बैंक ऋण की मिलेगी जानकारी, बिजली बिल व आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की अपील
देवास। घर की छत पर सोलर पैनल लगवाने और ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ का लाभ लेने के इच्छुक उपभोक्ताओं के लिए 5 अक्टूबर, सोमवार को सेवा सेतु कैंप आयोजित किया जाएगा। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड की ओर से देवास के मल्हार स्मृति भवन में सुबह 11 बजे से लगने वाले इस कैंप में पात्र उपभोक्ताओं का ऑनलाइन पंजीयन कराया जाएगा। पहले से लंबित आवेदनों और स्थापित सोलर संयंत्रों से जुड़ी समस्याओं के समाधान का भी प्रयास होगा।
सोलर लगवाने की प्रक्रिया और बैंक ऋण पर मिलेगा मार्गदर्शन
कैंप में नागरिकों को रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने की प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और सब्सिडी के बारे में जानकारी दी जाएगी। ऑनलाइन आवेदन में सहायता के साथ मोबाइल ऐप का लाइव डेमो भी दिखाया जाएगा, ताकि उपभोक्ता स्वयं पंजीयन की प्रक्रिया समझ सकें। सोलर प्लांट के लिए बैंक ऋण और किस्तों संबंधी जानकारी देने के लिए विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
नेट मीटर से बिलिंग तक की समस्याएं रख सकेंगे उपभोक्ता
जिन उपभोक्ताओं के आवेदन लंबित हैं या जो योजना का लाभ ले रहे हैं, वे कैंप में अपनी समस्याएं रख सकेंगे। नेट मीटर स्थापना, मीटर परिवर्तन एवं परीक्षण, सोलर प्लांट की कमीशनिंग और बिलिंग से जुड़ी दिक्कतों का मौके पर निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा।
3 और 4 अक्टूबर को वितरण केंद्रों पर भी लगेंगे शिविर
मुख्य कैंप से पहले 3 अक्टूबर को ग्रामीण वितरण केंद्रों और 4 अक्टूबर को शहरी वितरण केंद्रों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से भी उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने और सहायता उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी।
बिजली बिल और आवश्यक दस्तावेज लेकर पहुंचें
विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन यंत्री ने शहर के बिजली उपभोक्ताओं से कैंप में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। उपभोक्ता अपना बिजली बिल और आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं, ताकि पात्रता के अनुसार ऑनलाइन पंजीयन कराया जा सके।Dewas Live | dewaslive.com




