देवासपुलिस

देवास से उज्जैन तक महिलाओं से चेन स्नैचिंग: दो आरोपी गिरफ्तार, तीन वारदातों का खुलासा

देवास पुलिस ने सोने का मंगलसूत्र और दो चेन सहित करीब पांच लाख रुपये का सामान जब्त किया; मुख्य आरोपी पर पहले से 13 आपराधिक मामले दर्ज

देवास। सिविल लाइन थाना पुलिस ने महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने देवास और उज्जैन में हुई तीन वारदातों का खुलासा करते हुए आरोपियों से सोने का मंगलसूत्र, दो सोने की चेन, वारदात में इस्तेमाल बाइक और दो मोबाइल फोन सहित करीब पांच लाख रुपये का सामान जब्त किया है।

5 अगस्त को हुई थी वारदात

पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त 2026 की रात करीब 9 बजे सिविल लाइन निवासी 52 वर्षीय संतोष सोनी अपनी पड़ोसी के साथ सिविल लाइन रोड से ब्रिज की ओर पैदल जा रही थीं। ब्रिज के पास बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। पीछे बैठे युवक ने महिला के गले पर झपट्टा मारकर करीब 80 हजार रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए थे।

महिला की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में बीएनएस की धारा 309(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

एसपी पुनीत गेहलोद के निर्देश पर एएसपी गजेंद्र सिंह वर्धमान और सीएसपी सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अमित सोलंकी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने घटनास्थल और आरोपियों के संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। मुखबिर तंत्र से मिली सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद जावेद हुसैन और रेहान शेख को गिरफ्तार किया।

उज्जैन की दो वारदातों का भी खुलासा

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने देवास में मंगलसूत्र छीनने के बाद उज्जैन जाकर भी दो वारदातें की थीं। आरोपियों ने उज्जैन के डाबरीपीठा थाना कोतवाली क्षेत्र में एक महिला से सोने की चेन और कोठी रोड थाना माधवनगर क्षेत्र में दूसरी महिला से सोने की चेन छीनना स्वीकार किया है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर देवास में लूटा गया सोने का मंगलसूत्र और उज्जैन की दोनों वारदातों में छीनी गई सोने की चेन बरामद कर ली हैं।

राह चलती महिलाओं को बनाते थे निशाना

पुलिस के अनुसार, आरोपी बजाज पल्सर बाइक से राह चलती महिलाओं की रेकी करते थे। बाइक चला रहा आरोपी महिला के पास से वाहन निकालता और पीछे बैठा आरोपी गले पर झपट्टा मारकर चेन या मंगलसूत्र छीन लेता था। वारदात के तुरंत बाद दोनों बाइक से फरार हो जाते थे।

करीब पांच लाख रुपये का सामान जब्त

आरोपियों से देवास की वारदात में लूटा गया करीब 80 हजार रुपये का मंगलसूत्र, उज्जैन से छीनी गई करीब दो लाख रुपये की दो सोने की चेन, लगभग दो लाख रुपये कीमत की बजाज पल्सर बाइक और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।

मुख्य आरोपी पर पहले से 13 मामले

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी मोहम्मद जावेद हुसैन के खिलाफ इंदौर के विभिन्न थानों में मारपीट, चोरी और अन्य अपराधों से संबंधित 13 मामले पहले से दर्ज हैं। दोनों आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार

एसपी पुनीत गेहलोद ने तीन चेन स्नैचिंग की वारदातों का खुलासा करने वाली सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम को 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

सौरभ सचान

सौरभ सचान देवास लाइव (dewaslive.com) के संपादक एवं प्रमुख हैं। देवास लाइव मध्यप्रदेश के देवास जिले से प्रकाशित एक प्रमुख डिजिटल हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो स्थानीय खबरों, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी घटनाओं को निष्पक्ष और सटीक रूप में प्रस्तुत करता है। सौरभ सचान की पत्रकारिता का उद्देश्य स्थानीय आवाज़ों को सामने लाना और देवास की जमीनी सच्चाई को जनता तक पहुँचाना है।

Related Articles

Back to top button