देवासप्रशासनिक

Dewas: PM आवास की तीसरी किस्त के लिए मांगे ₹5 हजार, कमलापुर पंचायत सचिव को लोकायुक्त ने रिश्वत लेते पकड़ा

बागली जनपद की ग्राम पंचायत कमलापुर में कार्रवाई, हितग्राही से जियो टैगिंग के बदले मांगे थे पैसे

शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त उज्जैन की 10 सदस्यीय टीम ने पंचायत कार्यालय में बिछाया जाल

देवास/बागली, 12 अगस्त 2026। सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार की जड़ें पंचायत स्तर तक पहुंच चुकी हैं। इसकी एक और तस्वीर देवास जिले की ग्राम पंचायत कमलापुर में सामने आई है। यहां लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने पंचायत सचिव ओमप्रकाश सारन को प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही से 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है।

लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार कमलापुर निवासी सलीम शाह पिता साबिर शाह का वर्ष 2026 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान स्वीकृत हुआ था। योजना की पहली और दूसरी किस्त की राशि उसके बैंक खाते में आ चुकी थी। तीसरी किस्त जारी करवाने के लिए सलीम ने ग्राम पंचायत सचिव ओमप्रकाश सारन से संपर्क किया था।

जियो टैगिंग के बदले मांगे ₹5 हजार

आरोप है कि पंचायत सचिव ने मकान की जियो टैगिंग करने और तीसरी किस्त की राशि जारी करवाने के बदले सलीम शाह से 5 हजार रुपये की मांग की। परेशान होकर सलीम ने 5 अगस्त को पुलिस अधीक्षक, विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त उज्जैन के कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत की।

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त ने इसकी जांच उप पुलिस अधीक्षक दिनेशचंद पटेल को सौंपी। जांच के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर सचिव को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई गई।

पंचायत कार्यालय में रिश्वत लेते पकड़ा

बुधवार, 12 अगस्त को लोकायुक्त की 10 सदस्यीय टीम ग्राम पंचायत कमलापुर पहुंची। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता सलीम शाह ने पंचायत कार्यालय में सचिव ओमप्रकाश सारन को रिश्वत के 5 हजार रुपये दिए। राशि लेते ही लोकायुक्त की टीम ने सचिव को रंगे हाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देशन और पुलिस उप महानिरीक्षक लोकायुक्त मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। ट्रैप टीम में डीएसपी दिनेशचंद पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, कन्हैयालाल धनगर, आरक्षक इसरार और उमेश जाटव सहित कुल 10 सदस्य शामिल थे। समाचार लिखे जाने तक लोकायुक्त की कार्रवाई जारी थी।

रिश्वत मांगे जाने पर यहां करें शिकायत

लोकायुक्त संगठन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी सरकारी काम करने के बदले रिश्वत मांगता है तो इसकी शिकायत लोकायुक्त उज्जैन से की जा सकती है। इसके लिए मोबाइल नंबर 9425103975 अथवा कार्यालय के दूरभाष नंबर 0734-2512756 पर संपर्क किया जा सकता है।

सौरभ सचान

सौरभ सचान देवास लाइव (dewaslive.com) के संपादक एवं प्रमुख हैं। देवास लाइव मध्यप्रदेश के देवास जिले से प्रकाशित एक प्रमुख डिजिटल हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो स्थानीय खबरों, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी घटनाओं को निष्पक्ष और सटीक रूप में प्रस्तुत करता है। सौरभ सचान की पत्रकारिता का उद्देश्य स्थानीय आवाज़ों को सामने लाना और देवास की जमीनी सच्चाई को जनता तक पहुँचाना है।

Related Articles

Back to top button