खातेगांव में कृषि विस्तार अधिकारियों एवं कृषकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
देवास लाइव। कृषि विज्ञान केन्द्र देवास द्वारा दिनांक 12.11.2020 को विकासखण्ड खातेगांव के समस्त कृषि विस्तार अधिकारी, ब्लाॅक टेक्नोलाॅजी मैनेजर एवं असिस्टेंट टेक्नोलाॅजी मैनेजर के लिए वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसके अंतर्गत कृषि के मैदानी अधिकारियों को कृषि की नवीन विकसित तकनीकियों से अवगत कराया गया। साथ ही अधिक से अधिक कृषकों के बीच में तकनीकी को प्रसारित कर उत्पादन में वृद्धि की जा सके। साथ ही साथ सामाजिक स्तर के उत्थान हेतु कार्य करने का आव्हान किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में डाॅ. अशोक कुमार दीक्षित, प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख द्वारा माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर देश को समर्पित नवीन प्रजातियां जैसे-गेहूं की पूसा वानी, अहिल्या, डी.बी.डब्ल्यू-47 एवं मक्के की एल.क्यू.एम.एच-1, एल.क्यू.एम.एच-2, एल.क्यू.एम.एच-3 आदि के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही अधिक पोषक तत्वों से भरपूर प्रजातियों को अपनी खेती में शामिल कर कुपोषण की समस्या से छुटकारा हेतु अवगत कराया।
डाॅ. के.एस.भार्गव, वैज्ञानिक द्वारा बुवाई की उन्नत तकनीक जैसे रेज्ड बेड पद्धति को अपनाकर सही बीज एवं खाद की मात्रा का उपयोग करने हेतु प्रेरित किया। डाॅ. सविता कुमारी, वैज्ञानिक द्वारा रबी फसलों में समन्वित पोषक तत्व प्रबंधन के माध्यम से उर्वरकों की उपयोग क्षमता बढ़ाने हेतु खाद एवं उर्वरक की सही मात्रा सही समय पर सही विधि से देने संबंधी जानकारी दी गई जिससे लागत मूल्य को कम कर अधिक से अधिक लाभ प्राप्त हो सके। कार्यक्रम में कुल 18 कृषि विस्तार अधिकारियों ने भागीदारी की। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री गुर्जर जी एवं श्री आर.के.वर्मा (कृषि अधिकारी) की अहम भूमिका रही।