देवास की 5 महिला सरपंचों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन, UN Women India के ‘She Leads’ कार्यक्रम में मिली जगह

847

देवास, 01 दिसंबर 2025: मध्य प्रदेश के देवास जिले की पांच महिला सरपंचों ने संयुक्त राष्ट्र महिला (UN Women India) द्वारा आयोजित ‘She Leads’ कार्यक्रम के तीसरे संस्करण में स्थान बनाकर जिले का नाम रोशन किया है। यह कार्यक्रम महिला राजनीतिक नेतृत्व को मजबूत करने और विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका बढ़ाने के लिए जाना जाता है।

चयनित महिला सरपंच हैंः

  • श्रीमती निर्मला पाटीदार (सरपंच, ग्राम पंचायत छतरपुरा)
  • श्रीमती मोनिका सेंधव (सरपंच, ग्राम पंचायत ओंकारा)
  • सुश्री सोनाली वट्टी (सरपंच, ग्राम पंचायत जागठा)
  • सुश्री शकुंतला पंवार (सरपंच, ग्राम पंचायत निपानिया)
  • श्रीमती रोशनी मुजाल्दे (सरपंच, ग्राम पंचायत पाण्डुतालब)

राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने पर सोमवार को कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती ज्योति शर्मा ने सभी पांचों महिला सरपंचों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया और शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने कहा, “यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण और नेतृत्व विकास की दिशा में बड़ा कदम है। पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से देवास जिला गौरवान्वित है।”

चयनित सरपंचों को 4 और 5 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली में दो दिवसीय विशेष कार्यशाला में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस कार्यशाला में महिला नेतृत्व, नीति-निर्माण और सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा।

‘She Leads’ कार्यक्रम देशभर से चुनी गई महिला पंचायत प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है ताकि ग्रामीण भारत में महिलाओं का नेतृत्व मजबूत हो और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में उनकी भागीदारी बढ़े।

यह उपलब्धि देवास जिले के लिए गर्व की बात है और मध्य प्रदेश में पंचायती राज व्यवस्था में महिला नेतृत्व की नई मिसाल स्थापित करती है।

देवास महिला सरपंच, UN Women India, She Leads कार्यक्रम 2025, महिला सशक्तिकरण, पंचायती राज, मध्य प्रदेश समाचार, ग्रामीण महिला नेतृत्व