
देवास पुलिस को उपलब्ध कराई गई करीब सात लाख रुपये मूल्य की CCTV कैमरा केबल, अपराध नियंत्रण और निगरानी में मिलेगी मदद
देवास। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद द्वारा चलाए जा रहे ‘त्रिनेत्र अभियान’ के तहत शहर की CCTV निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अमलतास ग्रुप ने करीब सात लाख रुपये मूल्य की CCTV कैमरा केबल देवास पुलिस को उपलब्ध कराई है।
अमलतास ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष सुरेश सिंह भदौरिया और चेयरमैन मयंकराज सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में ग्रुप के निदेशक-प्रशासक डॉ. प्रशांत ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी पुनीत गेहलोद को सहयोग का सांकेतिक चेक सौंपा।
इस केबल का उपयोग देवास शहर और आसपास के क्षेत्रों में CCTV नेटवर्क के विस्तार के लिए किया जाएगा। निगरानी व्यवस्था मजबूत होने से अपराधियों की पहचान, आपराधिक घटनाओं की जांच और पुलिस कार्रवाई में मदद मिलने की उम्मीद है।
अमलतास ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष सुरेश सिंह भदौरिया ने कहा कि शहर की सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा चलाया जा रहा त्रिनेत्र अभियान एक उपयोगी पहल है। ग्रुप जनहित और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों में प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करता रहेगा।
चेयरमैन मयंकराज सिंह भदौरिया ने कहा कि सुरक्षित देवास सभी की जिम्मेदारी है और CCTV नेटवर्क का विस्तार अपराध नियंत्रण में सहायक होगा। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने सहयोग के लिए अमलतास ग्रुप का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अमलतास अस्पताल के मार्केटिंग डायरेक्टर अश्विन तंवर और मीडिया मैनेजर कमलेश सेंधव भी उपस्थित रहे।