
देवास। बीमा चौराहे के पास नगर निगम के सफाई मित्र पर चाकू से हमला करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी आशीष तिवारी पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) की कार्रवाई की गई है।
घटना का विवरण
थाना सिविल लाइन क्षेत्र में 28 नवंबर 2024 को बीमा चौराहे के पास नगर निगम के सफाई मित्र पर चाकू से हमला हुआ था। निगम कर्मचारी राजेश सड़क पर झाड़ू लगा रहे थे, तभी उनकी झाड़ू एक्टिवा से टकरा गई। इस पर एक्टिवा सवार ने गाली-गलौज शुरू कर दी, जब राजेश ने इसका विरोध किया तो एक्टिवा सवार अपने साथियों के साथ वापस लौटा और चाकू से हमला कर दिया। हमले में राजेश को कमर के निचले हिस्से में 6-7 चोटें आईं हैं।
घटना के बाद नगर निगम कर्मचारी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे थे। इस घटना के संबंध में थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 706/2024 के तहत धारा 296, 109, 3(5), 351(3) बीएनएस एवं अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक दीशेष अग्रवाल के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आशीष तिवारी को रतलाम से गिरफ्तार किया। इसके साथ ही अन्य चार आरोपियों को भी पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. आशीष तिवारी (20 वर्ष), निवासी बंजारा बस्ती, मुखर्जी नगर, देवास
2. शुभम सालुंके (19 वर्ष), निवासी सैंधव किराना के पीछे, बीमा चौराहा, देवास
3. रोहित शर्मा उर्फ बच्चा (25 वर्ष), निवासी पानी की टंकी के पीछे, जवाहर नगर, देवास
4. विनीत बाथम (19 वर्ष), निवासी ज्ञान सागर स्कूल के पीछे, मुखर्जी नगर, देवास
5. अरुण पंवार (20 वर्ष), निवासी राठौर दूध डेयरी के पीछे, इटावा, देवास
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
सराहनीय कार्य
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिविल लाइन अरुण पिपल्दे, यश नाईक, सउनि अजय साहनी, आरक्षक मातादीन, अरुण चावड़ा और शुभम कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम की इस सराहनीय कार्रवाई की क्षेत्र में प्रशंसा की जा रही है।


