
पीएम आवास योजना में प्रगति नहीं होने पर सचिवों पर होगी कार्रवाई, देवास जनपद सीईओ को दो वेतन वृद्धि रोकने का नोटिस
देवास। सरकारी योजनाओं और विभागीय कामकाज में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कलेक्टर ऋतु राज सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में हुई समय-सीमा बैठक में उन्होंने श्रम अधिकारी और जनपद पंचायत देवास के सीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं, बिना अनुमति बैठक से अनुपस्थित रहने पर जनपद पंचायत टोंकखुर्द के सीईओ का एक दिन का वेतन काटने को कहा गया है।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की प्रगति की समीक्षा की गई। योजना में अपेक्षित काम नहीं होने पर कलेक्टर ने संबंधित पंचायत सचिवों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अगली समय-सीमा बैठक में सचिवों पर की गई कार्रवाई की पूरी जानकारी प्रस्तुत की जाए।
देवास जनपद सीईओ को दो वेतन वृद्धि रोकने का नोटिस
प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने और बैठक में बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर श्रम अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। देवास जनपद क्षेत्र में योजना की प्रगति कमजोर मिलने पर जनपद पंचायत देवास के सीईओ को दो वेतन वृद्धि रोकने संबंधी नोटिस जारी करने को कहा गया है।
बैठक में बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर जनपद पंचायत टोंकखुर्द के सीईओ का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने साफ कहा कि सभी अधिकारी अपने विभाग की योजनाओं और सरकारी कामकाज की नियमित समीक्षा करें तथा निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरे करें।
अक्षय ऊर्जा अधिकारी को भी नोटिस
शासकीय काम में लापरवाही सामने आने पर अक्षय ऊर्जा अधिकारी दीपक दास की दो वेतन वृद्धि रोकने संबंधी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि सरकारी काम में किसी भी तरह की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पौधे लगाने के साथ पोर्टल पर फोटो अपलोड करना अनिवार्य
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले में अब तक किए गए पौधारोपण की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने और अधिक से अधिक पौधे लगाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि केवल पौधा लगा देना पर्याप्त नहीं है। अभियान के तहत लगाए गए प्रत्येक पौधे की जानकारी और फोटो ‘मेरी लाइफ’ पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए। पौधों की सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी भी तय करने को कहा गया।
मूंग खरीदी केंद्रों के लगातार निरीक्षण के निर्देश
बैठक में मूंग उपार्जन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को जिले के खरीदी केंद्रों का लगातार निरीक्षण करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि उपज बेचने आने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
दो दिन में करना होगा शिकायतों का निराकरण
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को मिलने वाली शिकायतों का दो दिन के भीतर निराकरण करना होगा। तय अवधि में शिकायत का समाधान नहीं होने पर उसे दो दिन बाद सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा।
अभियान के तहत प्राप्त और निराकृत शिकायतों की समीक्षा प्रत्येक सोमवार को अपर कलेक्टर करेंगे। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को शिकायतों के समाधान में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टर संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर अंशु जावला और विशाखा देशमुख सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। विकासखंड स्तरीय अधिकारी बैठक में ऑनलाइन शामिल हुए।



