
कांग्रेस सेवादल की सद्भावना संकल्प यात्रा का समापन; जीतू पटवारी ने कहा—सेवादल एक पवित्र विचार, आपसी सद्भाव देश की पहचान
देवास। जिला कांग्रेस सेवादल ने शनिवार को शहर में सद्भावना संकल्प यात्रा निकाली। भोपाल चौराहा स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा से शुरू हुई यात्रा नगर भ्रमण के बाद मल्हार स्मृति मंदिर हॉल पहुंची। यहां आयोजित समापन कार्यक्रम में सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा सहित अन्य नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। आयोजन जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष ज्ञान सिंह दरबार के नेतृत्व में हुआ।
श्रीनिवास बोले—यह देश महात्मा गांधी का ही रहेगा
बीवी श्रीनिवास ने कहा कि महात्मा गांधी की विचारधारा को इस देश से कोई समाप्त नहीं कर सकता। उन्होंने विरोधी राजनीतिक ताकतों पर गांधी की विचारधारा को खत्म करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। श्रीनिवास ने कहा, “यह देश महात्मा गांधी का देश है। विरोधी ताकतें कितनी भी कोशिश कर लें, यह देश महात्मा गांधी का ही रहेगा।”
पटवारी ने आपसी सद्भाव को बताया देश की पहचान
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कांग्रेस सेवादल को एक पवित्र विचार बताया। उन्होंने कहा कि आपसी साम्प्रदायिक सद्भाव देश की पहचान है। पटवारी ने आजादी और संविधान निर्माण में कांग्रेस की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस की विचारधारा ने देश को आजादी दिलाई। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी देश की सद्भावना वाली संस्कृति को मिटाने का प्रयास कर रही है। प्रदेश कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष अवनिश भार्गव ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह दरबार ने स्वागत उद्बोधन दिया।
सफेद गणवेश में यात्रा में शामिल हुए कार्यकर्ता
कांग्रेस प्रवक्ता हारिस गजधर के अनुसार, कार्यक्रम में देवास और आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा में सेवादल कार्यकर्ता सफेद गणवेश में अनुशासित रूप से नगर भ्रमण करते हुए समापन स्थल पहुंचे। कार्यक्रम का संचालन राधाकिशन सोलंकी ने किया और आभार गजानंद तिवारी ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल, सेवादल के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र जोशी, प्रदेश सेवादल प्रभारी प्रताप नारायण मिश्रा, वरिष्ठ नेता राधेश्याम पटेल, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष चौधरी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रयास गौतम, देवास प्रभारी विनय बाकलीवाल, सुरेंद्र सिंह शेरा भैया, सेवादल महिला अध्यक्ष संगीता काकरिया, मीनाक्षी जैसवाल, अरुण रोचवानी, प्रदीप चौधरी, राजेंद्र मालवीय, मनोज राजानी और रेखा वर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



