
देवास। नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने सोमवार 20 जुलाई को निगम बैठक हॉल में समयावधि पत्रों और सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने लंबित मामलों के समय-सीमा में निराकरण के साथ शहर की सफाई, यातायात व्यवस्था, सीवरेज, सड़क निर्माण और जनकल्याणकारी योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
आयुक्त ने पीएम स्वनिधि, क्रेडिट कार्ड, श्रमयोगी मानधन और संबल योजना के लंबित आवेदनों में प्रगति लाने तथा ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने को कहा। सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों को पकड़कर गौशाला भेजने और वहां भूसा व पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। मुक्तिधामों में लकड़ी और कंडों की उपलब्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
शहर में जर्जर भवनों को लेकर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन स्वामियों को अंतिम नोटिस जारी किया जाए। इसके बावजूद भवन नहीं हटाए जाने पर नगर निगम द्वारा कार्रवाई कर जर्जर भवनों को तोड़ा जाए।
एबी रोड पर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए व्यवसायिक गतिविधियों के कारण किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाने और गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश रिमूवल गैंग को दिए गए। एमजी रोड पर जनता बैंक से सुभाष चौक तक सड़क पर जमा मिट्टी हटाकर सफाई कराने के लिए संबंधित उपयंत्री को निर्देशित किया गया।
आयुक्त ने सीवरेज व्यवस्था पर विशेष फोकस करते हुए नालियों को सीवरेज लाइन से जोड़ने वाले स्थानों का चयन कर वहां चेंबर और जाली लगाने को कहा। नई सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता के साथ सीवरेज चेंबर का लेवल सही रखने और समयावधि वाली सड़कों पर आवश्यक सुधार ठेकेदारों से कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में खुले प्लॉटों की सफाई और उन्हें कवर कराने, अवैध नल कनेक्शनों को वैध करने, सीवरेज कनेक्शन बढ़ाने, पीएम आवास योजना के लंबित जियो-टैगिंग कार्य पूरे करने तथा अमृत हरित अभियान के तहत पौधारोपण और जियो-टैगिंग की भी समीक्षा की गई।
इसके अलावा नाला सफाई, अस्थायी अतिक्रमण, आवारा श्वानों को पकड़ने, खुले नालों में सुधार, वार्ड 7 में चेंबर सुधार और वार्डों में कचरा संग्रहण वाहनों के समय में सुधार के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में किया जाए।




