देवास

सतवास में यूनिफॉर्म बिक्री में मनमानी, प्रशासन ने कान्हा कलेक्शन दुकान की सील

देवास, 17 जुलाई 2026। देवास जिले के सतवास में जिला प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए निजी स्कूलों की यूनिफॉर्म बेचने वाली कान्हा कलेक्शन दुकान को सील कर दिया। यह कार्रवाई निजी स्कूलों की यूनिफॉर्म को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद की गई।

कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर जिला परियोजना समन्वय अधिकारी अजय मिश्रा के नेतृत्व में शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सतवास में यह कार्रवाई की। इस दौरान सतवास तहसीलदार अवधेश कुमार यादव और थाना प्रभारी दिलीप पुरी भी मौजूद रहे। टीम ने दुकान के साथ-साथ कुछ निजी स्कूलों का भी निरीक्षण किया।

जांच के दौरान दुकानदार ने स्वीकार किया कि उसकी दुकान पर 12 निजी स्कूलों की यूनिफॉर्म उपलब्ध है। हालांकि वह ऐसा कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका, जिससे यह स्पष्ट हो कि वह किस आधार पर इन स्कूलों की यूनिफॉर्म बेच रहा था। कलेक्टर द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के उल्लंघन और यूनिफॉर्म बिक्री में एकाधिकार की शिकायत के आधार पर प्रशासन ने दुकान को सील करने का निर्णय लिया।

डीपीसी अजय मिश्रा ने बताया कि पिछले कुछ समय से अभिभावकों की ओर से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ निजी स्कूल एक ही दुकान से यूनिफॉर्म और किताबें खरीदने का दबाव बना रहे हैं। इससे पालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

मिश्रा ने स्पष्ट किया कि जिलेभर में जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। जहां भी आदेश के उल्लंघन या अभिभावकों को किसी एक दुकान से यूनिफॉर्म अथवा किताबें खरीदने के लिए बाध्य किए जाने की शिकायत मिलेगी, वहां संबंधित निजी स्कूलों के खिलाफ एफआईआर सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सौरभ सचान

सौरभ सचान देवास लाइव (dewaslive.com) के संपादक एवं प्रमुख हैं। देवास लाइव मध्यप्रदेश के देवास जिले से प्रकाशित एक प्रमुख डिजिटल हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो स्थानीय खबरों, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी घटनाओं को निष्पक्ष और सटीक रूप में प्रस्तुत करता है। सौरभ सचान की पत्रकारिता का उद्देश्य स्थानीय आवाज़ों को सामने लाना और देवास की जमीनी सच्चाई को जनता तक पहुँचाना है।

Related Articles

Back to top button