देवास लाइव, Dewas Live News MadhyaPradesh

देवास: टी-20 वर्ल्ड कप जश्न में हुड़दंग, सयाजी द्वार पर पुलिस पर फेंके पटाखे, 4 आरोपी गिरफ्तार

1

देवास। टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने के दौरान शहर के हृदय स्थल सयाजी द्वार पर जमकर हुड़दंग हुआ। जश्न के नाम पर बेकाबू हुई भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और क्यूआरएफ (QRF) के जवानों पर जलते हुए पटाखे और बम फेंक दिए। पुलिस ने इस मामले में सख्ती दिखाते हुए हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा और बवाल काटने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, भारत की जीत के बाद बड़ी संख्या में युवा सयाजी द्वार पर एकत्रित हुए थे। डीजे और ढोल-नगाड़ों के बीच जमकर आतिशबाजी की जा रही थी। इसी दौरान भीड़ में शामिल कुछ उपद्रवियों ने जानबूझकर पुलिस बल और राहगीरों की ओर पटाखे उछालने शुरू कर दिए। स्थिति को संभालने पहुंचे क्यूआरएफ के जवानों और मौके पर मौजूद सीएसपी सुमित अग्रवाल के बिल्कुल करीब भी पटाखे फोड़े गए, जिससे वहां अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि इस घटना में क्यूआरएफ के दो जवानों को मामूली चोटें भी आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने इन चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठियां फटकार कर हुड़दंगियों को खदेड़ा और मौके से चार युवकों को दबोच लिया। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पकड़े गए आरोपियों के नाम और पते इस प्रकार हैं:

  1. आदर्श पडियार (उम्र 29 वर्ष) पिता मुकेश पडियार, निवासी- भेरूगढ़, देवास।
  2. नितिन कुमावत (उम्र 28 वर्ष) पिता मदन लाल कुमावत, निवासी- राजा रामनगर, देवास।
  3. आदित्य गुप्ता (उम्र 19 वर्ष) पिता गोपाल गुप्ता, निवासी- बालगढ़, देवास।
  4. आयुष अहीर (उम्र 23 वर्ष) पिता राकेश अहीर, निवासी- शनि मंदिर क्षेत्र, देवास।

अन्य उपद्रवियों की हो रही तलाश

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जश्न के नाम पर शहर की कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। पकड़े गए चारों आरोपियों के खिलाफ शांति भंग करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य सुसंगत धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। इसके अलावा, पुलिस घटनास्थल के वायरल वीडियो और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि भीड़ में शामिल अन्य हुड़दंगियों की भी पहचान कर उन पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा सके।