
बैरिकेड हटाकर पानी में उतारी थी बच्चों से भरी मैजिक, वाहन बंद होने पर चालक हुआ फरार; रस्सी के सहारे निकाले गए विद्यार्थी
देवास। सिविल लाइन क्षेत्र के रेलवे अंडरब्रिज में जलभराव के बीच स्कूली बच्चों से भरी मैजिक उतारने के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद चालक और स्कूल संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मैजिक वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
राज्य शासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्यार्थियों की जान जोखिम में डालने वाली इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन और पुलिस को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैरिकेड हटाकर पानी में ले गया था वाहन
घटना 25 अगस्त की है। भारी वर्षा के कारण सिविल लाइन क्षेत्र स्थित रेलवे अंडरब्रिज में पानी भर गया था। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से स्टॉपर लगाकर आवागमन प्रतिबंधित कर दिया था। आरोप है कि सिटी कॉन्वेंट स्कूल की मैजिक चलाने वाले चालक ने स्टॉपर हटाकर बच्चों से भरे वाहन को पानी में उतार दिया।
गहरे पानी के बीच मैजिक बंद हो गई। इसके बाद चालक बच्चों को वाहन में छोड़कर मौके से भाग गया। सूचना मिलने पर स्थानीय नागरिक, डायल-112 और सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सभी स्कूली बच्चों को रस्सी के सहारे सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया था।
चालक पर कई धाराओं में मामला दर्ज
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद कलेक्टर ऋतुराज सिंह और पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने कार्रवाई सुनिश्चित की। सिविल लाइन थाने में आरोपी चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 285 और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर मैजिक वाहन जब्त कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
स्कूल संचालक पर भी प्रकरण दर्ज
स्कूल वाहनों के सुरक्षा मानकों और चालक के चरित्र सत्यापन से संबंधित दिशा-निर्देशों की अनदेखी करने पर सिटी कॉन्वेंट स्कूल के संचालक के विरुद्ध भी भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्रकरण को विवेचना में लिया है।
स्कूल प्रबंधनों को दिए कड़े निर्देश
प्रशासन और पुलिस ने सभी स्कूल प्रबंधनों को वाहनों की फिटनेस, परमिट और चालकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। चालकों को किसी भी परिस्थिति में जलभराव वाले मार्गों, पुलों और पुलियाओं से वाहन नहीं निकालने की हिदायत देने को कहा गया है। नियमों की अनदेखी मिलने पर संबंधित चालक और स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।



