देवासराजनीति

Dewas: हर घर तिरंगा अभियान: देवास के चारों भाजपा मंडलों ने निकाली तिरंगा यात्रा

हाथों में तिरंगा लेकर दोपहिया वाहनों से निकले युवा, 14 अगस्त तक जिले के 25 मंडलों में होगा आयोजन

देवास। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत रविवार को देवास शहर के चारों भाजपा मंडलों ने तिरंगा यात्रा निकाली। दोपहिया वाहनों से निकली यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, पूर्व सैनिक और पार्टी कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से शहर का माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया।

अभियान की शुरुआत सद्गुरु शीलनाथ भाजपा मंडल द्वारा बिलावली स्थित महाकालेश्वर मंदिर से की गई। यहां अतिथियों और कार्यकर्ताओं ने बाबा महाकाल का पूजन कर राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की। इसके बाद ढोल-ढमाकों और देशभक्ति के नारों के बीच तिरंगा यात्रा रवाना हुई।

यात्रा का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव, विधायक गायत्री राजे पवार, महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, सभापति रवि जैन, देवास विधानसभा प्रभारी ओम जोशी, शीलनाथ मंडल अध्यक्ष शुभम चौहान और अभियान के जिला प्रभारी मनीष जैन ने किया।

यात्रा में सबसे आगे डीजे और भारत माता की झांकी वाला वाहन चल रहा था। इसके पीछे भाजपा नेता, पूर्व सैनिक, युवा और कार्यकर्ता दोपहिया वाहनों पर तिरंगा लेकर निकले। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए गए।

देवास विधानसभा क्षेत्र के सद्गुरु शीलनाथ मंडल, मां चामुंडा जूनियर मंडल, श्रीमंत महाराजा मंडल और मां तुलजा भवानी सीनियर मंडल ने अपने-अपने क्षेत्रों में तिरंगा यात्राएं निकालीं। मंडल अध्यक्ष शुभम चौहान, मधु शर्मा, सुरेश सिलोदिया और देवेंद्र नवगोत्री ने अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री राजेश यादव, मनीष सोलंकी, विजय सिंह पंवार, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री संजय दायमा, मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रमोद डोंगलिया, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मनोरमा सोलंकी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष बहादुर मुकाती एवं राजीव खंडेलवाल और नवीन सोलंकी सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव और अभियान के जिला प्रभारी मनीष जैन ने बताया कि 9 से 14 अगस्त तक जिले की नगर परिषदों में तिरंगा पदयात्राएं और सभी 25 मंडलों में दोपहिया वाहन यात्राएं आयोजित की जाएंगी। पूरे जिले में ये यात्राएं करीब 500 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी।

उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर केपी कॉलेज में प्रदर्शनी और व्याख्यानमाला आयोजित की जाएगी। अभियान में विभिन्न समाजों के लोग, पूर्व सैनिक, व्यापारी, विद्यार्थी, खिलाड़ी, युवा, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक शामिल होंगे।

भाजपा संगठन ने नागरिकों से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और तिरंगा यात्राओं में शामिल होने की अपील की है। जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार और सह मीडिया प्रभारी दिनेश सांखला ने दी।

सौरभ सचान

सौरभ सचान देवास लाइव (dewaslive.com) के संपादक एवं प्रमुख हैं। देवास लाइव मध्यप्रदेश के देवास जिले से प्रकाशित एक प्रमुख डिजिटल हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो स्थानीय खबरों, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी घटनाओं को निष्पक्ष और सटीक रूप में प्रस्तुत करता है। सौरभ सचान की पत्रकारिता का उद्देश्य स्थानीय आवाज़ों को सामने लाना और देवास की जमीनी सच्चाई को जनता तक पहुँचाना है।

Related Articles

Back to top button