देवासपुलिस

रैली-जुलूस में मोबाइल और नकदी चुराने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ाया, पांच आरोपी व एक नाबालिग गिरफ्तार

उज्जैन के रामघाट से देवास पुलिस ने दबोचा; पांच मोबाइल और ₹15 हजार नकद सहित करीब ₹1.15 लाख का माल बरामद

देवास। सार्वजनिक रैलियों, धार्मिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों में लोगों के मोबाइल फोन एवं नकदी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय संगठित गिरोह का देवास पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच आरोपियों सहित एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पांच एंड्रॉयड एवं आईफोन और ₹15 हजार नकद सहित करीब ₹1 लाख 15 हजार का चोरी का माल बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार सार्वजनिक आयोजनों के दौरान मोबाइल, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह वर्धमान और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में औद्योगिक क्षेत्र थाने के प्रभारी उपनिरीक्षक नरेन्द्र अम्करे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से 4 अगस्त को उज्जैन के रामघाट से गिरोह के पांच सदस्यों एवं एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कालीचरण पिता कन्हैयालाल (31), शिवा पिता कन्हैयालाल (24), अर्जुन पिता कालिया (23), राजेन्द्र उर्फ राजेन्दर पिता जीवनलाल (28) और देवेन्द्र पिता किशोर उर्फ किशोरी (21) के रूप में हुई है। सभी आरोपी कोटा, राजस्थान के बलिता रोड और बापूनगर क्षेत्र के निवासी हैं।

भीड़ में वारदात कर तुरंत बदल देते थे स्थान

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य देवास और आसपास के जिलों में आयोजित रैलियों, जुलूसों एवं धार्मिक कार्यक्रमों में पहुंचते थे। भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल और नकदी चोरी करने के बाद वे तुरंत दूसरे स्थान के लिए रवाना हो जाते थे।

पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 605/2026 के मामले में आरोपियों से चोरी के ₹15 हजार नकद तथा पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद माल की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹1.15 लाख बताई गई है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।

पुलिस आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर रिमांड लेने की कार्रवाई कर रही है। उनसे अन्य जिलों और राज्यों में हुई चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है। पुलिस को गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का खुलासा होने और अतिरिक्त चोरी का माल बरामद होने की संभावना है।

पुलिस ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील

देवास पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने मोबाइल, पर्स तथा अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा डायल-112 पर दें।

कार्रवाई में उपनिरीक्षक नरेन्द्र अम्करे, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र राणा, किशोर जाटवा, आरक्षक अजय जाट, नरेन्द्र सिरसाम, सैनिक तेजसिंह मण्डलोई और साइबर सेल के प्रधान आरक्षक सचिन चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सौरभ सचान

सौरभ सचान देवास लाइव (dewaslive.com) के संपादक एवं प्रमुख हैं। देवास लाइव मध्यप्रदेश के देवास जिले से प्रकाशित एक प्रमुख डिजिटल हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो स्थानीय खबरों, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी घटनाओं को निष्पक्ष और सटीक रूप में प्रस्तुत करता है। सौरभ सचान की पत्रकारिता का उद्देश्य स्थानीय आवाज़ों को सामने लाना और देवास की जमीनी सच्चाई को जनता तक पहुँचाना है।

Related Articles

Back to top button