देवासमीडिया

प्रेस क्लब देवास अध्यक्ष ललित शर्मा का निधन, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

सुबह ध्वजारोहण और सामाजिक कार्यक्रम में हुए थे शामिल; 17 अगस्त को अस्थि संचय एवं शोक बैठक

देवास। प्रेस क्लब देवास के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री ललित शर्मा का शनिवार, 15 अगस्त 2026 को अचानक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पत्रकारिता जगत, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों में शोक की लहर दौड़ गई।

श्री ललित शर्मा 15 अगस्त की सुबह वरिष्ठ नागरिक संस्था और प्रेस क्लब देवास के संयुक्त ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसके बाद वे ब्राह्मण समाज के एक सामाजिक कार्यक्रम में भी पहुंचे। वहां से लौटते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनका निधन हो गया।

श्री शर्मा स्वर्गीय श्री केशवराव शर्मा के सुपुत्र तथा श्री जयंत शर्मा के अनुज थे। उनके निधन से परिवार के साथ ही देवास के पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र ने एक कर्मठ, सहज एवं मिलनसार व्यक्तित्व को खो दिया।

श्री ललित शर्मा की अंतिम यात्रा शनिवार दोपहर 3:30 बजे मिश्रीलाल नगर एक्सटेंशन स्थित उनके निज निवास से निकाली गई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजजन, राजनीतिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, परिवारजन, स्थानीय नागरिक और अन्य शहरों से आए परिचित शामिल हुए। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

अंतिम यात्रा देवास मुक्तिधाम पहुंची, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। उपस्थित लोगों ने पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र में श्री शर्मा के योगदान को याद करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रबुद्धजनों ने कहा कि उनका सहज, सरल और मिलनसार व्यवहार हमेशा लोगों के बीच स्मरणीय रहेगा। उनके निधन से देवास के पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।

श्री ललित शर्मा अपने पीछे पुत्री ऐश्वर्या, पुत्र अथर्व शर्मा सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

17 अगस्त को अस्थि संचय और शोक बैठक

परिजनों के अनुसार अस्थि संचय का कार्यक्रम सोमवार, 17 अगस्त 2026 को सुबह 9 बजे मिश्रीलाल नगर एक्सटेंशन, गोकुल गार्डन के पीछे स्थित निज निवास से शुरू होगा। शोक बैठक शाम 4 से 6 बजे तक कैलामाता मंदिर के सामने स्थित गोकुल गार्डन, देवास में रखी गई है।

सौरभ सचान

सौरभ सचान देवास लाइव (dewaslive.com) के संपादक एवं प्रमुख हैं। देवास लाइव मध्यप्रदेश के देवास जिले से प्रकाशित एक प्रमुख डिजिटल हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो स्थानीय खबरों, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी घटनाओं को निष्पक्ष और सटीक रूप में प्रस्तुत करता है। सौरभ सचान की पत्रकारिता का उद्देश्य स्थानीय आवाज़ों को सामने लाना और देवास की जमीनी सच्चाई को जनता तक पहुँचाना है।

Related Articles

Back to top button