देवासन्यायालय

जिला न्यायालय देवास में अंत्याक्षरी प्रतियोगिता आयोजित, पुराने और नए फिल्मी गीतों से सजा माहौल

‘उल्लास: एक अभिनव प्रयोग 2026’ के तहत न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग

देवास। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवास द्वारा ‘उल्लास—एक अभिनव प्रयोग 2026’ के अंतर्गत जिला न्यायालय परिसर में न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए अंत्याक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों में रचनात्मकता, संवाद कौशल और सकारात्मक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित प्रतियोगिता में पुराने और नए फिल्मी गीतों का शानदार संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष कपिल मेहता ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय जितेंद्र सिंह कुशवाह ने कपिल मेहता को प्लांटर भेंट कर उनका स्वागत किया।

प्रतियोगिता को तीन सत्रों में आयोजित किया गया। इसमें उपस्थित प्रतिभागियों ने उत्साह और उमंग के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने मधुर स्वरों में विभिन्न फिल्मी गीत प्रस्तुत करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित प्रतियोगिता में पुरुष प्रतिभागी विजेता रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कपिल मेहता ने कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक आयोजन व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि ‘उल्लास’ कार्यक्रम केवल न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके परिवारों के लिए भी है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी अपने घर से निकलकर कार्यस्थल पर आता है और वहां प्रतिदिन करीब नौ से दस घंटे बिताता है। इस दृष्टि से कार्यालय भी कर्मचारी के दूसरे घर की तरह होता है। कई बार कर्मचारियों के परिवार उस स्थान को नहीं देख पाते, जहां उनके परिवार का सदस्य कार्यरत है। ‘उल्लास’ कार्यक्रम कर्मचारियों के परिवारों को भी कार्यस्थल से जोड़ने की पहल करता है।

कपिल मेहता ने कहा, “यह कार्यक्रम सबका है और सबके लिए है।” उन्होंने कर्मचारियों के बच्चों को भी ऐसे आयोजनों में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों में छिपी प्रतिभा को विकसित करने के लिए उन्हें अधिक से अधिक अवसर दिए जाने चाहिए। बच्चे जब अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसरों का सदुपयोग करते हैं तो आगे चलकर समाज और देश का गौरव बनते हैं।

उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सक्रिय सहभागिता करने और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय जितेंद्र सिंह कुशवाह, प्रथम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश उमाशंकर अग्रवाल, पंचम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अभिषेक गौड़, चतुर्थ जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रसन्न सिंह बहरावत, प्रथम अतिरिक्त जिला न्यायाधीश डॉ. रविकांत सोलंकी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भरत सिंह कनेल तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव रोहित श्रीवास्तव सहित अन्य न्यायाधीश उपस्थित रहे।

इस अवसर पर न्यायिक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष जयंत येवले, वरिष्ठ महिला कर्मचारी श्रीमती राठौर सहित बड़ी संख्या में न्यायालयीन कर्मचारी मौजूद रहे।

सौरभ सचान

सौरभ सचान देवास लाइव (dewaslive.com) के संपादक एवं प्रमुख हैं। देवास लाइव मध्यप्रदेश के देवास जिले से प्रकाशित एक प्रमुख डिजिटल हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो स्थानीय खबरों, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी घटनाओं को निष्पक्ष और सटीक रूप में प्रस्तुत करता है। सौरभ सचान की पत्रकारिता का उद्देश्य स्थानीय आवाज़ों को सामने लाना और देवास की जमीनी सच्चाई को जनता तक पहुँचाना है।

Related Articles

Back to top button