देवास लाइव, Dewas Live News MadhyaPradesh

देवास में हैवानियत की हद: 11 साल की मासूम से दुष्कर्म, मुंह पर कपड़ा बांधकर वारदात को अंजाम; नशेड़ी आरोपी फरार

9

देवास, मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के देवास जिले में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। उदयनगर पुलिस थाना क्षेत्र के तहत ग्राम चंदुपूरा में खेत से घर लौट रही 11 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म किया गया। एक नशेड़ी युवक ने मासूम के मुंह पर कपड़ा बांधकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।

​गंभीर हालत में बच्ची करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुट गई है।

​गोबर की टोकरी उठवाने के बहाने बुलाया

​यह घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। पीड़ित बालिका ने अपने बयान में बताया कि आरोपी सतीश (निवासी चंदुपूरा) ने उसे गोबर की टोकरी उठवाने के बहाने से बुलाया था। इसके बाद उसने बालिका के मुंह पर कपड़ा बांध दिया और दुष्कर्म किया।

​घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सतीश मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल और सदमे में आई बालिका ने हिम्मत दिखाते हुए लगभग एक किलोमीटर का फासला तय किया और अपने घर पहुंचकर स्वजनों को पूरी आपबीती बताई।

​पुलिस ने दर्ज किया पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला

​घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। उदयनगर थाना प्रभारी दर्शना मुजाल्दा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी सतीश निवासी चंदुपूरा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा दुष्कर्म (Rape) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।

​थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम को तत्काल रवाना कर दिया गया है। बच्ची को गंभीर हालत में आगे के उपचार के लिए देवास रेफर किया गया है।

​आरोपी नशे का आदी, पहले भी कर चुका है छेड़छाड़

​पुलिस सूत्रों के अनुसार, फरार आरोपी सतीश दो बच्चों का पिता है और नशे का आदी बताया जाता है। ग्रामीणों ने भी पुलिस को बताया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी एक कल्याणी महिला के साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दे चुका है।

​पुलिस और ग्रामीणजन मिलकर आरोपी की तलाश में सहयोग कर रहे हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

You cannot print contents of this website.
Exit mobile version