
देवास। नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने अमृत 2.0 योजना के तहत शहर में डाली जा रही पानी की पाइपलाइन और स्वच्छता कार्यों की समीक्षा की। आयुक्त ने अधिकारियों और संबंधित फर्म को निर्देश दिए कि जिन वार्डों में पाइपलाइन का काम पूरा हो चुका है, वहां शत-प्रतिशत नल कनेक्शन किए जाएं और सड़क सहित अन्य स्थानों का रेस्टोरेशन कार्य जल्द पूरा किया जाए।
उन्होंने निर्माणाधीन क्षेत्रों में पाइपलाइन डालने का काम तेज करने तथा रॉ वाटर और क्लियर वाटर पाइपलाइन के शेष कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। ओएचटी निर्माण और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क में तकनीकी मानकों, गुणवत्ता और सुरक्षा का पालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया। बारिश के मौसम को देखते हुए खुदाई वाले क्षेत्रों में आम जनता को परेशानी न हो, इसके लिए रेस्टोरेशन तुरंत और गुणवत्तापूर्ण तरीके से करने के निर्देश दिए गए।
खुले में कचरा डालने और जलाने वाले स्थानों की Google Form से होगी निगरानी
स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने वार्डों में खुले में कचरा डालने, कचरा प्वाइंट और कचरा जलाने वाले स्थानों की जानकारी Google Form के माध्यम से निगम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही घरों से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग संग्रह करने के लिए नागरिकों को लगातार जागरूक करने को कहा गया।
आयुक्त ने निगम की सहयोगी संस्थाओं ओम सांई विजन और फीडबैक फाउंडेशन द्वारा स्वच्छता को लेकर किए जा रहे नवाचारों की जानकारी ली और उनके कार्यों की सराहना की। दोपहर की शिफ्ट में सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।



