
गंदे पानी की शिकायत पर तत्काल सैंपल जांच के निर्देश, टैक्स जमा नहीं करने वाले मैरिज गार्डनों पर होगी तालाबंदी
देवास। वर्षाकाल के दौरान वार्ड क्षेत्रों में जलभराव, गंदे पेयजल और सीवरेज संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण को लेकर निगमायुक्त दलीप कुमार ने सभी उपयंत्रियों को अपने-अपने वार्डों में अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गंदे पानी की शिकायत मिलने पर पेयजल के सैंपल लेकर तत्काल जांच कराने और समस्या का समय-सीमा में समाधान करने को कहा।
निगमायुक्त ने समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में श्रमयोगी मानधन योजना, हितग्राहियों के क्रेडिट कार्ड आवेदन और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की प्रगति की जानकारी ली। अनुग्रह सहायता राशि एवं संबल योजना के लंबित आवेदनों का एक सप्ताह के भीतर निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों और श्वानों को पकड़ने की प्रतिदिन की कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने पकड़ी गई गायों को गौशाला पहुंचाने तथा वहां पर्याप्त भूसा और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मैरिज गार्डनों में वेस्ट वॉटर मैनेजमेंट, बकाया संपत्तिकर और कचरा संग्रहण शुल्क की वसूली को लेकर भी जानकारी ली गई। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि बकाया कर और शुल्क का भुगतान नहीं करने वाले मैरिज गार्डनों पर तालाबंदी की कार्रवाई की जाए।
हरित क्रांति महाअभियान के अंतर्गत शहर में मियावाकी पद्धति से पौधारोपण करने, अब तक लगाए गए पौधों की जानकारी पोर्टल पर अपलोड करने और पौधारोपण अभियान की गति बढ़ाने के निर्देश उद्यान विभाग प्रभारी को दिए गए।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने सहायक यंत्री सौरभ त्रिपाठी से कैलादेवी और विकास नगर चौराहे पर यातायात व्यवस्था में सुधार तथा आवश्यक सूचना संकेतक लगाने को लेकर चर्चा की। बैठक में जर्जर भवनों और स्मार्ट फिश कॉर्नर से संबंधित कार्यों की जानकारी भी ली गई।
होटलों और स्कूलों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किए जा रहे सर्वे की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने फायर एनओसी के लिए संबंधित संस्थानों को सूचना देने, अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने और पाई गई कमियों को जल्द दूर कराने के निर्देश फायर अधिकारी को दिए।
निगमायुक्त ने अवैध नल कनेक्शनों को वैध करने, निर्धारित राशि जमा कराने और पेयजल संबंधी शिकायतों का तत्काल निराकरण करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। प्रधानमंत्री आवास योजना के जिन हितग्राहियों ने पहली किस्त मिलने के बाद भी भवन निर्माण शुरू नहीं किया है, उन्हें निर्माण प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। निर्माण शुरू कर चुके हितग्राहियों की तत्काल जियो टैगिंग कराने को कहा गया, ताकि उन्हें दूसरी किस्त मिल सके।
सीवरेज लाइन और घरेलू कनेक्शनों की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि हाउस कनेक्शन और सीवरेज कनेक्शन का कार्य एक साथ पूरा किया जाए, ताकि सड़कों को बार-बार न तोड़ना पड़े। सभी स्वच्छता निरीक्षकों को वार्डों में लगातार निगरानी रखने और सीवरेज कनेक्शन के कार्य में तेजी लाने को कहा गया।
सीएम हेल्पलाइन और महापौर हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के साथ ही गंदे पानी की शिकायतों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
