
मंडूक पुष्कर पर धरना देकर की नारेबाजी; हल्द्वानी में कथित ‘शुद्धिकरण’ करने वालों पर प्रकरण दर्ज करने की मांग
देवास। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में देवास शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस ने सोमवार को प्रदर्शन किया। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रयास गौतम और ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष मनीष चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता मंडूक पुष्कर स्थित धरना स्थल पर एकत्रित हुए और उत्तराखंड पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया।
धरने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कोतवाली थाने पहुंचे। यहां थाना प्रभारी से मुलाकात कर हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ करने वाले लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई।
हल्द्वानी विवाद के बाद राहुल गांधी पर दर्ज हुई एफआईआर
उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में 8 अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जनसभा को संबोधित किया था। इसके दो दिन बाद श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास से जुड़े लोगों ने मैदान में हवन कर गंगाजल छिड़का था। कांग्रेस ने इसे खड़गे की दलित पहचान से जोड़ते हुए छुआछूत और अपमान का मामला बताया, जबकि भाजपा ने संबंधित संगठन से किसी प्रकार का संबंध होने से इनकार किया है।
राहुल गांधी ने 29 अगस्त को इस घटना को छुआछूत बताते हुए कथित शुद्धिकरण करने वालों के विरुद्ध एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद हल्द्वानी कोतवाली में राहुल गांधी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 196 और 299 तथा एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(1)(q) के तहत एफआईआर दर्ज की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने सफाई के घटनाक्रम को जातिगत रूप देकर सामाजिक भावनाएं आहत कीं।
कांग्रेस नेताओं ने कार्रवाई को बताया अनुचित
देवास में आयोजित धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर कड़ा विरोध जताया। नेताओं ने कहा कि कार्रवाई उन लोगों के विरुद्ध होनी चाहिए, जिन्होंने सभा स्थल पर कथित शुद्धिकरण किया था। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।
धरना सभा को शौकत हुसैन, उमेश झंवर, ज्ञान सिंह दरबार, नरेंद्र सिंह यादव, रोशन रायकवार, सुधीर शर्मा, विक्रम मुकाती, अनिल गोस्वामी, रूपेश कल्याणे, किशोर चौहान, राजेश राठौर और गोलू हॉजी ने संबोधित किया।
इस अवसर पर जाहिद पठान, गोवर्धन देसाई, धीरज कल्याणे, इशान राणा, नीरज नागर, मनोज सांगते, दिलीप सिंह सोलंकी, प्यारे मियां पठान, मनोज हेतावल, अजय सिंह राजोदा, राजा पडियार, शाहजी हाशमी, डॉ. गजेंद्र सिंह तोमर, राधाकिशन सोलंकी, प्रहलाद मिस्त्री, कुलदीप नागर, गुलाब सिंह ठाकुर, विमल चौधरी, सलमान बेग, डॉ. मंसूर शेख, कमल मुकाती, साधना प्रजापति, कल्याण सिंह पंवार, रईस कामदार, कल्लू भाई राष्ट्रीय, प्रदीप बनाफर, डेनी पहलवान, जानी भाई, एम. जहीर शेख, अजय सिंह रघुवंशी, मुरलीधर गुप्ता, संजय रैकवार, हफीज घौसी, गौरव जोशी, सोनू शेख, अविनाश जेठवा, दीपेश हरोडे, शाहिद खान और यशवंत कुशवाह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
धरना सभा का संचालन कांग्रेस प्रवक्ता हारिस गजधर ने किया। संगठन महासचिव जितेंद्र सिंह गौड़ ने आभार माना।


