देवासराजनीति

कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब का अपमान किया: विधायक राजेश सोनकर

देवास, 23 सितंबर 2024 – भाजपा कार्यालय में सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर और भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने राहुल गांधी की आरक्षण पर की गई टिप्पणी की कड़ी आलोचना करते हुए कांग्रेस पार्टी को संविधान विरोधी बताया।

विधायक राजेश सोनकर ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान किया है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस ने अंबेडकर के खिलाफ चुनाव लड़ा, उन्हें हराया और उनके प्रतिद्वंद्वी को पद्म पुरस्कार देकर उनका अपमान किया। सोनकर ने कहा, “कांग्रेस ने 57 वर्षों तक शासन किया, लेकिन कभी भी सामाजिक न्याय को प्राथमिकता नहीं दी।” उन्होंने आगे बताया कि 1956 में काका कालेलकर रिपोर्ट, जो पिछड़े वर्गों को आरक्षण देने की सिफारिश करती थी, उसे कांग्रेस सरकार ने खारिज कर दिया था।

सोनकर ने धारा 370 और 35ए के हटाए जाने का भी जिक्र किया, जिसके बाद जम्मू-कश्मीर के अनुसूचित जाति वर्ग को न्याय मिला। उन्होंने कहा कि यह कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही संभव हो पाया।

भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने राहुल गांधी की शिमला में की गई टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास हमेशा से आरक्षण और अंबेडकर विरोधी रहा है। उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि अमेरिका दौरे के दौरान उन्होंने आरक्षण खत्म करने की बात कही थी, जो कांग्रेस की पुरानी सोच को दर्शाता है।

इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष भेरूलाल अटरिया, देवास विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष राजेश यादव, जिला महामंत्री मनीष सोलंकी, भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला अध्यक्ष संजय दायमा और जिला मीडिया सह प्रभारी कमल अहिरवार समेत अन्य भाजपा नेता मौजूद थे।

sardana
Sneha
san thome school
Back to top button