देवास

देवास में सरकारी जमीन पर कब्जे पर कलेक्टर सख्त, पटवारियों पर भी गिर सकती है गाज

देवास, 15 अप्रैल 2026। अगर आपने या आपके पड़ोसी ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर मकान खड़ा कर लिया है, तो अब सावधान हो जाइए। देवास कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने मंगलवार को समय-सीमा बैठक में साफ शब्दों में कहा — शासकीय जमीन पर जो भी अतिक्रमण करेगा, उस पर कड़ी कार्रवाई होगी।

बैठक में कलेक्टर ने अपर कलेक्टर द्वय को निर्देश दिए कि गांव और तहसील वार ऐसे सभी मकानों की सूची तैयार की जाए, जो शासकीय जमीन पर बने हैं। इसके लिए गूगल मैप की मदद ली जाएगी। तालाबों और नदियों के कैचमेंट एरिया में हुए अतिक्रमण को भी हटाने के निर्देश दिए गए।


पटवारियों पर भी कार्रवाई के संकेत

बैठक का एक बड़ा हिस्सा नरवाई जलाने की बढ़ती घटनाओं पर केंद्रित रहा। कलेक्टर श्री सिंह ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जिन पटवारियों के हल्के में सबसे ज्यादा नरवाई जलाने की घटनाएं हुई हैं, उन पर सीधी कार्रवाई होगी। उपसंचालक कृषि और आरईओ को शोकाज नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए गए।

किसानों को चेतावनी दी गई कि यदि नरवाई जलाते हुए पकड़े गए तो एफआईआर के साथ-साथ आर्थिक दंड भी भुगतना होगा — 2 एकड़ से कम पर 2,500 रुपए, 2 से 5 एकड़ पर 5,000 रुपए और 5 एकड़ से ज्यादा पर 15,000 रुपए तक का जुर्माना।


बैठक में और क्या-क्या हुआ

ई-केवायसी की धीमी रफ्तार पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और एक महीने में काम पूरा करने की सख्त हिदायत दी।

एचपीवी वैक्सीनेशन के लिए स्कूलों में जाकर अभियान चलाने और नगर परिषद की फील्ड टीम को इस काम में लगाने के निर्देश दिए गए। टोंकखुर्द की टीम को इस मामले में बेहतर प्रदर्शन के लिए सराहना भी मिली।

गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल व्यवस्था पर फोकस रहा। बंद नल-कूपों को जल्द दुरुस्त करने और पीने के पानी का दूसरे कामों में उपयोग न होने देने के निर्देश दिए गए।

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत शासकीय और अशासकीय दोनों भवनों पर रूफ टॉप वाटर हार्वेस्टिंग लगाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने एसडीएम, तहसीलदार और सीईओ जिला पंचायत को अगले हफ्ते तक प्रगति दिखाने को कहा।

गेहूं उपार्जन हो जाने के बाद भी किसानों को भुगतान न मिलने पर कलेक्टर ने डीएसओ और सहायक आपूर्ति अधिकारी को कड़े निर्देश दिए।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती ज्योति शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी, श्री संजीव जैन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। विकासखंड स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

सौरभ सचान

सौरभ सचान देवास लाइव (dewaslive.com) के संपादक एवं प्रमुख हैं। देवास लाइव मध्यप्रदेश के देवास जिले से प्रकाशित एक प्रमुख डिजिटल हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो स्थानीय खबरों, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी घटनाओं को निष्पक्ष और सटीक रूप में प्रस्तुत करता है। सौरभ सचान की पत्रकारिता का उद्देश्य स्थानीय आवाज़ों को सामने लाना और देवास की जमीनी सच्चाई को जनता तक पहुँचाना है।

Related Articles

Back to top button