अपराधदेवासबरोठा

देवास में नशे में पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या, रातभर घर में पड़ा रहा शव; आरोपी पति गिरफ्तार

बरोठा थाना क्षेत्र के ग्राम जलोदिया की घटना, घरेलू विवाद के बाद वारदात; सुबह ग्रामीणों को दी पत्नी के नहीं उठने की जानकारी

देवास। जिले के बरोठा थाना क्षेत्र के ग्राम जलोदिया में घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर शराब के नशे में अपनी पत्नी की डंडे से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद महिला का शव रातभर घर में ही पड़ा रहा। सुबह आरोपी ने पत्नी के नहीं उठने की जानकारी ग्रामीणों को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।

बरोठा थाना प्रभारी सविता सिंह जाटव के अनुसार, घटना ग्राम जलोदिया में तलाई के पास रहने वाले छोटेलाल पिता शैतानसिंह के घर की है। रविवार, 19 जुलाई की रात छोटेलाल का अपनी पत्नी सुनीता बाई से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर छोटेलाल ने लकड़ी के डंडे से पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से सुनीता बाई की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि आरोपी रातभर घर में ही रहा। सोमवार सुबह उसने पत्नी को उठाने का प्रयास किया। कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने डायल-112 पर सूचना दी।

सूचना मिलते ही बरोठा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी पति छोटेलाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

घटना के समय घर में था आठ वर्षीय बेटा

पुलिस के अनुसार, दंपती की चार बेटियां और दो बेटे हैं। इनमें तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटी और एक बेटा गुजरात में काम करते हैं। घटना के समय उनका आठ वर्षीय बेटा घर पर मौजूद था।

परिवार के अनुसार, माता-पिता के बीच विवाद बढ़ता देख बच्चा डरकर अपनी मां के मुंहबोले भाई के घर सोने चला गया था। इसी दौरान घर में यह वारदात हुई।

सौरभ सचान

सौरभ सचान देवास लाइव (dewaslive.com) के संपादक एवं प्रमुख हैं। देवास लाइव मध्यप्रदेश के देवास जिले से प्रकाशित एक प्रमुख डिजिटल हिंदी न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो स्थानीय खबरों, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी घटनाओं को निष्पक्ष और सटीक रूप में प्रस्तुत करता है। सौरभ सचान की पत्रकारिता का उद्देश्य स्थानीय आवाज़ों को सामने लाना और देवास की जमीनी सच्चाई को जनता तक पहुँचाना है।

Related Articles

Back to top button