
12,600 से अधिक युवाओं का पंजीयन, 258 उद्योगों और संस्थानों की भागीदारी; 1,000 से अधिक स्थानीय अभ्यर्थियों को मिला रोजगार
देवास। युवाओं को स्थानीय उद्योगों में रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए शुरू किए गए देवास जॉब पोर्टल को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में इस डिजिटल पहल को स्कॉच अवार्ड की गोल्ड कैटेगरी में सम्मानित किया गया। कलेक्टर ऋतु राज सिंह के नेतृत्व में संचालित यह पोर्टल युवाओं और उद्योगों के बीच संपर्क का माध्यम बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने किया था शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 14 अक्टूबर 2025 को देवास जिले के बागली विकासखंड में देवास जॉब पोर्टल का शुभारंभ किया था। इसका उद्देश्य स्थानीय युवाओं और औद्योगिक इकाइयों को एक ऐसे डिजिटल मंच पर लाना है, जहां रोजगार की तलाश कर रहे अभ्यर्थियों को उपलब्ध अवसरों की जानकारी मिल सके और उद्योगों को उनकी जरूरत के अनुसार उम्मीदवार मिल सकें।
1,000 से अधिक स्थानीय अभ्यर्थियों को मिला रोजगार
जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सितंबर 2026 तक पोर्टल पर 12,600 से अधिक युवाओं ने पंजीयन कराया है। इसके साथ 258 उद्योगों और संस्थानों ने भागीदारी की है। पोर्टल के माध्यम से 4,600 रोजगार के अवसर उपलब्ध हुए, जिनमें 1,000 से अधिक स्थानीय अभ्यर्थियों को प्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त हुआ है।
स्थानीय युवाओं और उद्योगों के बीच सेतु
देवास जॉब पोर्टल के जरिए प्रशासन, उद्योगों और रोजगार तलाश रहे युवाओं को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास किया गया है। औद्योगिक शहर देवास में यह पहल स्थानीय स्तर पर उपलब्ध नौकरियों की जानकारी युवाओं तक पहुंचाने और भर्ती प्रक्रिया को सुगम बनाने पर केंद्रित है।
स्कॉच गोल्ड अवार्ड मिलने से रोजगार के क्षेत्र में देवास के इस नवाचार को राष्ट्रीय पहचान मिली है। जिला प्रशासन ने इसे युवाओं को रोजगार के सुगम अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।




