
विधायक गायत्री राजे पवार ने रखा प्रस्ताव; टेकरी पर दर्शन, सुरक्षा, सफाई और पार्किंग की व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश
देवास। शारदीय नवरात्रि के दौरान माता टेकरी से निकलने वाले पारंपरिक विसर्जन चल समारोह में मां चामुण्डा और मां तुलजा भवानी की पालकी को सयाजी द्वार पर गार्ड ऑफ ऑनर देने का सुझाव सामने आया है। सोमवार को नगर निगम सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में विधायक गायत्री राजे पवार ने यह प्रस्ताव रखा। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और सफाई व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
गार्ड ऑफ ऑनर की व्यवस्था फिलहाल सुझाव के रूप में
विधायक गायत्री राजे पवार ने कहा कि देवास की पहचान मां चामुण्डा और मां तुलजा भवानी से जुड़ी है। उन्होंने विसर्जन चल समारोह के दौरान दोनों माताओं की पालकी को प्रशासनिक स्तर पर सम्मान देने का प्रस्ताव रखा। प्रशासन की ओर से जारी जानकारी में प्रस्ताव पर कलेक्टर ऋतुराज सिंह की सहमति का उल्लेख है। हालांकि, गार्ड ऑफ ऑनर की व्यवस्था को फिलहाल सुझाव के रूप में लिया जा रहा है।
टेकरी के अन्य मंदिर भी खुले रखने पर जोर
विधायक ने कहा कि माता टेकरी आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा नहीं होनी चाहिए और पार्किंग स्थलों पर उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उन्होंने परिक्रमा मार्ग पर स्थित हनुमान जी, कालका माता और खो-खो माता सहित अन्य मंदिरों को खुला रखने की बात रखी, जिस पर प्रशासन ने सकारात्मक रुख अपनाया। आयोजकों और नागरिकों से होर्डिंग्स व बैनरों में दोनों माताओं के चित्रों को सर्वोच्च स्थान और सम्मान देने की अपील भी की गई।
पॉलिथीन और सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध
महापौर गीता अग्रवाल ने माता टेकरी, परिक्रमा मार्ग, शंख द्वार और सीढ़ी मार्ग से अस्थायी अतिक्रमण हटाने तथा श्रद्धालुओं से अभद्रता करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रसादी वितरण, भंडारों और मेला परिसर में पॉलिथीन व सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग प्रतिबंधित रखने को कहा गया। नगर निगम को सुबह-शाम शहर और दुर्गा पंडालों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
एलईडी पर लाइव दर्शन और मेडिकल टीमों का सुझाव
नगर निगम सभापति रवि जैन ने प्रमुख चौराहों की एलईडी स्क्रीन पर माता दर्शन का सजीव प्रसारण करने का सुझाव दिया। उन्होंने पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, माता टेकरी पर भिक्षावृत्ति रोकने और मेडिकल टीमों के साथ एम्बुलेंस तैनात करने की बात भी रखी।
सीसीटीवी से निगरानी, प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने माता टेकरी परिसर में चौबीसों घंटे विद्युत आपूर्ति, सड़क मरम्मत, दिशा-सूचक संकेतक, पेयजल, मजबूत बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रसूलपुर, टाटा, इंदिरा गांधी और भोपाल चौराहा पर माइक सिस्टम व पुलिस बल की व्यवस्था रहेगी। सड़कों पर खुले मवेशी छोड़ने वाले पशुपालकों पर पांच हजार रुपये या उससे अधिक का चालान लगाने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने विभागों से दो दिनों में कार्ययोजना तैयार कर स्थलों का निरीक्षण करने और एसडीएम को रिपोर्ट सौंपने को कहा। दस दिवसीय ड्यूटी के लिए नोडल और फील्ड अधिकारियों की सूची भी मांगी गई।
निगम आयुक्त दलीप कुमार ने बताया कि पेयजल, आवारा मवेशियों व श्वानों को हटाने, मार्गों की साज-सज्जा और पार्किंग के लिए ट्रैफिक पुलिस के समन्वय से तैयारी की जा रही है। बैठक में सीएसपी सुमित अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

