
पुलिस के मुताबिक वारदात से पहले की थी रेकी, बीच-बचाव करने पर बेटी पर भी हमला; सोने की चेन के दो टुकड़े और हथियार जब्त
देवास/सतवास। सतवास में माया शर्मा की हत्या और उनकी बेटी रानू पर जानलेवा हमले के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। 12 सितंबर को जारी प्रेस नोट के अनुसार, दो विधि से संघर्षरत बालकों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि सोने की चेन लूटकर अपने शौक पूरे करने के इरादे से वारदात की गई। जांच में चार थानों की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से काम किया।
10 सितंबर को डायल 112 पर मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को डायल 112 से सूचना मिली थी कि सतवास के वार्ड क्रमांक 9, पुनासा रोड स्थित पुनर्वास क्षेत्र के मकान में माया पति स्वर्गीय अशोक शर्मा, उम्र 60 वर्ष और उनकी बेटी रानू पति राकेश शर्मा, उम्र 35 वर्ष खून से लथपथ मिली हैं। घटना में माया शर्मा की मौत हो गई थी, जबकि रानू गंभीर रूप से घायल हुई थीं।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सौम्या जैन, एसडीओपी कन्नौद आदित्य तिवारी और सतवास पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घायल रानू को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
घायल बेटी से मिली जानकारी बनी अहम सुराग
इंदौर में उपचाररत रानू के बेहतर इलाज और पुलिस समन्वय के लिए एएसपी ग्रामीण ने अस्पताल से संपर्क किया। एसडीओपी कन्नौद की ओर से भेजी गई पुलिस टीम ने घायल महिला से घटनाक्रम की जानकारी ली।
प्रेस नोट के मुताबिक, पुलिस ने आठ से दस लोगों से पूछताछ कर महिला द्वारा बताई गई संदिग्ध की पहचान का सत्यापन किया। इसके बाद घायल से मिली जानकारी, सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल के साक्ष्यों का आपस में मिलान किया गया।
पुलिस का दावा: चेन लूटने के लिए पहले की रेकी
पुलिस के अनुसार, दोनों नाबालिगों ने घटना से पहले दो से तीन बार रेकी की थी, जो सीसीटीवी फुटेज में भी दर्ज हुई। आरोप है कि माया शर्मा के गले में पहनी सोने की चेन लूटने के लिए उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया। बेटी रानू ने बीच-बचाव किया तो उन पर भी हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों की कड़ियां जोड़ते हुए दोनों बालकों की पहचान की गई और उन्हें अभिरक्षा में लिया गया।
सोने की चेन, मोबाइल और हथियार जब्त
पुलिस ने बताया कि दोनों बालकों की निशानदेही पर सोने की चेन के दस-दस ग्राम के दो टुकड़े, घटना में उपयोग किए गए दो मोबाइल फोन, एक छुर्रा, काले रंग का चाकू कवर और लोहे का भारी बाट जब्त किया गया है।
चार थानों की टीमों और साइबर सेल की भूमिका
कार्रवाई में सतवास थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष पाल, खातेगांव थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार पुरी, निरीक्षक राहुल रावत सहित पुलिसकर्मियों और साइबर सेल की टीम की भूमिका रही।
सतवास थाने में अपराध क्रमांक 379/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और 103(1) में प्रकरण दर्ज है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


