
अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों की विशेषज्ञ चिकित्सक करेंगे जांच
देवास। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवास द्वारा न्यायिक परिवार के स्वास्थ्य, क्षमता संवर्धन और सांस्कृतिक विकास के उद्देश्य से “उल्लास—एक अभिनव प्रयोग” योजना प्रारंभ की जा रही है। योजना के शुभारंभ अवसर पर 3 और 4 अगस्त 2026 को जिला न्यायालय परिसर स्थित एडीआर केंद्र में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।
यह योजना मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के मार्गदर्शन तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष कपिल मेहता के निर्देशन में संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत न्यायालय से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और उनके परिवार के सदस्यों के लिए स्वास्थ्य शिविर, क्षमता संवर्धन सत्र तथा सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
3 अगस्त को अधिवक्ताओं के लिए शिविर
सोमवार, 3 अगस्त को आयोजित शिविर में अधिवक्ताओं और उनके परिवार के सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। मंगलवार, 4 अगस्त को न्यायाधीशों, जिला न्यायालय के कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए शिविर आयोजित होगा। दोनों दिन शिविर का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा।
शिविर का आयोजन एलएनसीटी मेडिकल कॉलेज एवं सेवाकुंज हॉस्पिटल इंदौर द्वारा जिला अधिवक्ता संघ देवास के सहयोग से किया जा रहा है।
विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे परामर्श
स्वास्थ्य शिविर में हृदय रोग, मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, सर्जरी, शिशु रोग, हड्डी रोग, नेत्र रोग तथा नाक, कान एवं गला रोग के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण और परामर्श दिया जाएगा। आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की जाएंगी।
स्वास्थ्य परीक्षण के बाद आवश्यकता होने पर सीटी स्कैन, एमआरआई, सोनोग्राफी, ईकोकार्डियोग्राफी, ईसीजी और एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति में पंजीयन, परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श, दवाइयां और उपचार की सुविधा भी आयोजक अस्पताल द्वारा निःशुल्क प्रदान की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव रोहित श्रीवास्तव ने समस्त न्यायाधीशों, कर्मचारियों और अधिवक्ताओं से स्वास्थ्य शिविर तथा आगामी प्रतियोगिताओं में सहभागिता करने की अपील की है।
शिविर से संबंधित जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवास के मोबाइल नंबर 9407060700 तथा जिला अधिवक्ता संघ देवास के मोबाइल नंबर 9926653673 पर संपर्क किया जा सकता है।



